नालंदा के बिहार थाना क्षेत्र के कागजी मोहल्ले में एक गाय संकरे नाले में गिरकर फंस गई। करीब दो घंटे तक फंसी रहने के बाद स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
नालंदा में नाले में फंसी गाय का रेस्क्यू
नालंदा जिले के बिहार थाना इलाके के कागजी मोहल्ले में एक गाय घास चरते-चरते संकरे नाले में गिर गई और उसमें फंसकर रह गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गाय के नाले में गिरते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। नाले की चौड़ाई कम होने के कारण गाय बीच में बुरी तरह फंस गई थी और बाहर निकलने में असमर्थ थी।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
स्थानीय लोगों ने तुरंत नगर निगम को इसकी सूचना दी, लेकिन मदद में देरी होने पर मोहल्ले के युवकों ने खुद ही रेस्क्यू शुरू किया।
करीब डेढ़ से दो घंटे की कड़ी मशक्कत और जुगाड़ तकनीक की मदद से गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू के दौरान आईं चोटें
संकरा नाला होने की वजह से गाय के शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि यह गाय टिकुलीपर इलाके के किसी व्यक्ति की है, जो चरते-चरते कागजी मोहल्ले पहुंच गई थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गाय करीब दो घंटे तक नाले में फंसी रही।
घटना ने उठाए सवाल
नगर निगम को सूचना देने के बावजूद देर से मदद मिलने पर लोगों ने खुद पहल की।
इस घटना के बाद शहर में खुले और संकरे नालों की व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
