बिहार में बड़े स्तर पर IAS अफसरों का तबादला, दीपक कुमार सिंह को नई जिम्मेदारी

बिहार में बड़े स्तर पर आईएएस अफसरों का तबादला और दीपक कुमार सिंह बने राज्यपाल के प्रधान सचिव।

बिहार सरकार ने शुक्रवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस फेरबदल के तहत दीपक कुमार सिंह को राज्यपाल का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि अरविंद कुमार चौधरी और सीमा त्रिपाठी सहित कई अन्य अधिकारियों को नई अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

सम्राट चौधरी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, राजभवन के सचिव बदले

बिहार में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अधिकारियों के फेरबदल का दौर लगातार जारी है। सम्राट चौधरी सरकार ने एक बार फिर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के कई वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बड़ा बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से शुक्रवार को इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई। भारत मंथन लाइव न्यूज को मिली जानकारी के अनुसार, इस फेरबदम में सबसे ज्यादा चर्चा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में दो महिला अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियों को लेकर हो रही है।

अधिसूचना के तहत 2009 बैच की आईएएस अधिकारी सीमा त्रिपाठी को एक बड़ी व अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। लंबे समय से मुख्यधारा की पोस्टिंग से बाहर चल रही सीमा त्रिपाठी वर्तमान में मानवाधिकार आयोग में सचिव के पद पर कार्यरत हैं। सरकार ने अब उन्हें अपने वर्तमान कार्यों के साथ-साथ राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंप दिया है।

दीपक कुमार सिंह बने राज्यपाल के प्रधान सचिव, अरविंद चौधरी को मंत्रिमंडल सचिवालय

जारी अधिसूचना के मुताबिक, राजभवन की प्रशासनिक व्यवस्था में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। राज्यपाल के सचिव के पद पर कार्यरत रहे गोपाल मीणा को उनके पद से विरमित कर दिया गया है। उन्हें अब भारत सरकार के अंतर्गत वाणिज्यकर विभाग में नोएडा विशेष आर्थिक क्षेत्र का विकास आयुक्त नियुक्त किया गया है। उनकी जगह अब वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दीपक कुमार सिंह को राज्यपाल का प्रधान सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही वे महानिदेशक सह मुख्य जांच आयुक्त (सामान्य प्रशासन विभाग) का अतिरिक्त प्रभार भी पूर्ववत संभालते रहेंगे।

इसके अतिरिक्त, 1995 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी को मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग में अपर मुख्य सचिव के पद पर भेजा गया है। इससे पहले वे गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव समेत कई विभागों का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। नई जिम्मेदारी के तहत उन्हें बिहार राज्य संयुक्त प्रवेश परीक्षा पर्षद के परीक्षा नियंत्रक और बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी राजेंदर को अब निगरानी विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि वे पहले से जनशिकायत विभाग, बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी के मिशन निदेशक और बिपार्ड के महानिदेशक का प्रभार संभाल रहे हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *