पलानी गांव के पहले अग्निवीर बने हिमांशु कुमार का भव्य स्वागत
बेरमो/बोकारो: गोमिया प्रखंड के बांध पंचायत अंतर्गत पलानी गांव के लिए गर्व का अवसर तब आया, जब गांव के बेटे हिमांशु कुमार अग्निवीर बनने के बाद अपने घर लौटे। हिमांशु पलानी गांव के पहले अग्निवीर हैं। उनके गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
देशभक्ति के माहौल में हुआ स्वागत समारोह
शुक्रवार को आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। पूरे गांव में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। हिमांशु कुमार ने हाथ जोड़कर ग्रामीणों का अभिवादन किया और सभी के स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया।
बचपन से था सेना में जाने का सपना
हिमांशु कुमार ने बताया कि बचपन से ही उनके मन में देश सेवा की भावना थी। सेना में भर्ती होने के लिए वह लगातार मेहनत कर रहे थे। अग्निवीर योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने इसमें शामिल होने का निर्णय लिया और आवेदन किया।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष अगस्त में दौड़ परीक्षा में सफलता हासिल करने के बाद शारीरिक और स्वास्थ्य जांच भी सफलतापूर्वक पूरी की। इसके बाद दिसंबर में प्रशिक्षण के लिए हैदराबाद गए, जहां छह महीने की कठिन ट्रेनिंग पूरी करने के बाद अब अपने गांव लौटे हैं।
सफलता का श्रेय परिवार और गुरुजनों को
हिमांशु कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और मित्रों को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के लगातार प्रोत्साहन और सहयोग से उनका मनोबल हमेशा ऊंचा रहा और वह इस मुकाम तक पहुंच सके।
परिवार और शिक्षकों ने जताया गर्व
हिमांशु के पिता महेंद्र रविदास और माता रीना देवी ने कहा कि बेटे का अग्निवीर बनना पूरे गांव के लिए गर्व की बात है। उनका मानना है कि हिमांशु की उपलब्धि से गांव के अन्य युवाओं को भी भारतीय सेना और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरणा मिलेगी।
तेनुघाट महाविद्यालय के प्रोफेसर धनंजय रविदास ने कहा कि हिमांशु बचपन से ही मेहनती रहे हैं और सेना में जाने के लिए स्वयं के साथ-साथ अपने मित्रों को भी प्रेरित करते थे। उन्होंने कहा कि हिमांशु का चयन पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य चन्द्रदेव यादव, मुखिया प्रतिनिधि बबलू यादव, रोहित राम, रमेश रविदास, सुशील कुमार दास, बाल्मीकि रविदास, मुकेश रविदास, सूरज रविदास, अमरदीप रविदास, गुलटन यादव सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
