जयपुर में श्री राजपूत करणी सेना के प्रदर्शन के बाद एक प्रदर्शनकारी देवराज सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। डीडवाना-कुचामन निवासी देवराज यूजीसी विनियम-2026 वापस लेने और सवर्ण समाज की मांगों को लेकर सोमवार को आयोजित प्रदर्शन में शामिल हुए थे। संगठन ने पुलिस की पानी की बौछार से चोट लगने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने मौत के कारण की पुष्टि नहीं की है।
यूजीसी विनियम-2026 के विरोध में जयपुर में हुआ था प्रदर्शन
श्री राजपूत करणी सेना की ओर से सोमवार को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के यूजीसी विनियम-2026 को वापस लेने तथा सवर्ण समाज से जुड़ी अन्य मांगों को लेकर जयपुर में प्रदर्शन आयोजित किया गया था। इस प्रदर्शन में भाग लेने आए डीडवाना-कुचामन जिले के पालाड़ा निवासी देवराज सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई।
करणी सेना अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना का पुलिस पर आरोप
करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने प्रेस वार्ता के दौरान दावा किया कि पुलिस कार्रवाई के कारण देवराज सिंह की जान गई। मकराना ने कहा कि कालवाड़ रोड पर पुलिस द्वारा की गई पानी की बौछार की तेज धार देवराज के सीने पर लगी, जिससे वे चोटिल हो गए थे। घर पहुंचने पर सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें पहले निजी अस्पताल और फिर सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने अभी तक नहीं की मौत के कारण की पुष्टि
मामले में पुलिस अधिकारियों ने अभी तक मौत के सटीक कारण की पुष्टि नहीं की है। सोमवार को प्रदर्शन के दौरान कालवाड़ रोड सहित विभिन्न स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प और धक्का-मुक्की हुई थी, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का प्रयोग किया गया था। रैली के पश्चात प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट सर्किल पहुंचे और सड़क जाम की, जिसके बाद वे शाम को वहां से हट गए।
