रायपुर के होटल में युवक ने युवती पर किया जानलेवा हमला, काटा अपना गला

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गंज थाना क्षेत्र स्थित बंसल पैराडाइज होटल के बाहर जांच करती पुलिस।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र स्थित बंसल पैराडाइज होटल में उत्तर प्रदेश निवासी युवक ने मोहला-मानपुर की युवती पर नुकीले हथियार से हमला कर दिया और फिर अपना भी गला काट लिया। कमरा तोड़कर बाहर निकाली गई पुलिस दोनों को अचेत अवस्था में मेकाहारा अस्पताल ले गई, जहां युवती की हालत नाजुक बनी हुई है।

रायपुर के होटल बंसल पैराडाइज में खूनी वारदात

राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र अंतर्गत झूलेलाल चौक स्थित बंसल पैराडाइज होटल में शुक्रवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। होटल के एक कमरे में युवक और युवती गंभीर और अचेत हालत में पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दोनों ने शुक्रवार सुबह ही अलग-अलग समय पर होटल के कमरे में प्रवेश किया था।

चीख-पुकार सुनकर पहुंचे होटल कर्मचारी, पुलिस ने तोड़ा दरवाजा

दोपहर करीब तीन बजे के आसपास होटल के कमरे से अचानक चीखने-चिल्लाने और आपस में लड़ने-झगड़ने की तेज आवाजें आने लगीं। आवाजें सुनकर होटल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला और दरवाजा नहीं खुला, तो होटल प्रबंधन ने तुरंत गंज थाना पुलिस को सूचित किया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। अंदर का नजारा देखकर पुलिस और होटल कर्मचारी दंग रह गए, जहां दोनों खून से लथपथ अचेत अवस्था में पड़े थे।

यूपी के युवक ने युवती पर किया वार, फिर खुद का गला काटा

शुरुआती जांच और साक्ष्यों के आधार पर बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश निवासी युवक कृष्ण कुमार भारद्वाज ने पहले मोहला-मानपुर निवासी युवती रिमन मंडावी पर नुकीले हथियार से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल किया और इसके बाद खुद का भी गला काट लिया।

पुलिस ने दोनों को तुरंत एंबुलेंस से मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया, जहां युवती की स्थिति गंभीर और नाजुक बनी हुई है। दोनों का इलाज जारी है।

भारत मंथन लाइव न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, गंज थाना पुलिस ने घटना स्थल (होटल के कमरे) को सील कर दिया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच के लिए होटल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल्स और मौके से मिले अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *