देवघर: बसंत पंचमी को लेकर बैद्यनाथ मंदिर में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयारी में जुट गया है। भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं को सुगम जलार्पण सुविधा देने के लिए उपायुक्त ने अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान वीआईपी और आउट ऑफ टर्न दर्शन पर पूरी तरह रोक रहेगी।
शीघ्र दर्शनम कूपन दोगुने दाम में
जिला प्रशासन ने बताया कि बसंत पंचमी के दिन केवल शीघ्र दर्शनम कूपन की सुविधा ही उपलब्ध रहेगी। हालांकि, कूपन की कीमत बढ़ा दी गई है। जहां आम दिनों में कूपन ₹300 में मिलते थे, वहीं अब ₹600 में खरीदने होंगे।
पौराणिक मान्यता है कि बसंत पंचमी के दिन भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती का शादी का तिलकोत्सव मनाया जाता है। इस अवसर पर विशेष रूप से मिथिला क्षेत्र के दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, सहरसा से लाखों श्रद्धालु मंदिर में आकर भगवान भोलेनाथ पर गुलाल और घी चढ़ाते हैं।
मंदिर के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पिछले कुछ दिनों से मंदिर में भीड़ बढ़ रही है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और मंदिर के बाहर बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि 23 जनवरी को बैद्यनाथ मंदिर में बसंत पंचमी का आयोजन होगा, जबकि फरवरी में शिवरात्रि का आयोजन किया जाएगा। देवघर में शिवरात्रि समारोह पूरी तरह जिला प्रशासन के नियंत्रण में आयोजित होता है। इस कारण उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने पहले से ही शहर की विधि व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष तैयारी शुरू कर दी है।
