प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार रात ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने इस दौरान द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने और अपने रिश्तों को आगे बढ़ाने के वादे को दोहराया। बातचीत की पहल ब्राजील की ओर से की गई थी। इस दौरान उन्होंने साझा चुनौतियों से निपटने में बहुपक्षीय सहयोग के महत्व पर भी जोर दिया।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने कहा कि दोनों नेताओं ने पिछले साल 2025 में ब्रासीलिया और साउथ अफ्रीका में हुई बैठकों को याद करते हुए, ट्रेड, निवेश, तकनीक, रक्षा, ऊर्जा, स्वास्थ्य, कृषि और लोगों के बीच संबंध जैसे विभिन्न क्षेत्रों में हुए द्विपक्षीय सहयोग पर संतोष व्यक्त किया। पीएम मोदी ने बातचीत में कहा कि वे जल्द ही राष्ट्रपति लूला का भारत में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं। भारत अगले महीने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इम्पैक्ट समिट की मेज़बानी करने जा रहा है।
भारत और ब्राजील के बीच करीबी और बहुआयामी रिश्ते हैं, जिन्हें 2006 में स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप तक बढ़ाया गया। दोनों देश ब्रिक्स (BRICS), भारत-ब्राजील-दक्षिण अफ्रीका (IBSA), जी20, जी-4, इंटरनेशनल सोलर अलायंस, ग्लोबल बायोफ्यूल अलायंस, कोएलिशन फॉर डिजास्टर रेजिलिएंस इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी फोरम्स के साथ-साथ UN, WTO, UNESCO और WIPO जैसी बड़ी मल्टीलेटरल संस्थाओं में भी सहयोग करते हैं।
यह साझेदारी साझा वैश्विक दृष्टि, लोकतांत्रिक मूल्यों और आर्थिक-सामाजिक विकास को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता पर आधारित है। विदेश मंत्रालय ने अभी तक लूला के भारत दौरे की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। अमेरिकी टैरिफ के बीच उनका दौरा विशेष महत्व रखेगा।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा किया कि राष्ट्रपति लूला से बात करके खुशी हुई और भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी को नई ऊचाइयों तक ले जाने के लिए उनका सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही लूला का भारत में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।
