रायपुर में अंतरराज्यीय मोबाइल लूट गिरोह का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी रायपुर में मोबाइल लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का कबीर नगर पुलिस और साइबर टीम ने खुलासा किया है। पुलिस ने रायपुर, ओडिशा और राजस्थान से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जांच के दौरान रायपुर में करीब 100 मोबाइल चोरी और लूट की घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप समेत अन्य सामान जब्त किया है।
ओडिशा और राजस्थान तक फैला था मोबाइल लूट गिरोह का नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक, रायपुर की सड़कों से चोरी और लूटे गए मोबाइल फोन को सीधे बाजार में नहीं बेचा जाता था। इन्हें पहले ओडिशा भेजा जाता था, जहां मोबाइल का लॉक खोलकर उसकी पहचान बदलने की कोशिश की जाती थी।
आईफोन और सैमसंग के कुछ मॉडल सॉफ्टवेयर के जरिए अनलॉक नहीं होने पर उनके मदरबोर्ड बदल दिए जाते थे। इसके बाद भी मोबाइल तैयार नहीं हो पाता था, तो उसे राजस्थान के कोटा भेजा जाता था।
कोटा में तकनीकी मदद से अनलॉक कर बेचते थे मोबाइल
पुलिस के अनुसार, राजस्थान के कोटा में तकनीकी मदद से मोबाइल का लॉक खोलने का प्रयास किया जाता था। इसके बाद मोबाइल को सेकंड हैंड फोन बताकर बेच दिया जाता था।
इस तरह रायपुर में चोरी और लूटे गए मोबाइल फोन को ओडिशा और राजस्थान के जरिए ठिकाने लगाने का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।
CCTV फुटेज से मिला आरोपियों का सुराग
कबीर नगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रावाभाटा निवासी शहजाद अली उर्फ भिंडी को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर गौरव मझखंड और कृष दीप को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा ओडिशा से भोदेव मेहर और राजस्थान से आकाश परेटा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, भोदेव मोबाइल अनलॉक करने का काम करता था, जबकि आकाश तकनीकी मदद देता था।
14 मोबाइल और दो लैपटॉप जब्त
पुलिस और साइबर टीम की कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 14 मोबाइल फोन और दो लैपटॉप समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में रायपुर में करीब 100 मोबाइल चोरी और लूट की वारदातों का खुलासा हुआ है।
