अभिनेता अल्लू अर्जुन के छोटे भाई अल्लू सिरीश की शादी की तैयारियां जोरों पर हैं। मार्च में नयनिका रेड्डी के साथ शादी से पहले सिरीश ने दुबई में परिवार और करीबी दोस्तों के साथ एक खास प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन का आयोजन किया।
इस जश्न से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। सबसे ज्यादा चर्चा दुबई में हुई यॉट पार्टी की हो रही है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में अल्लू सिरीश और नयनिका रेड्डी शैम्पेन की बोतल खोलते नजर आ रहे हैं, जिससे जश्न का माहौल और भी रंगीन हो गया।
पार्टी में सिरीश पीले रंग के सूट में नजर आए, जबकि नयनिका ने हरे रंग की ड्रेस पहनी थी। दोनों अपने परिवार और दोस्तों के साथ बेहद खुश दिखाई दिए। आसपास मौजूद मेहमान इस खास पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।
इस प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन में अल्लू अर्जुन और उनकी पत्नी स्नेहा रेड्डी भी शामिल हुए। सामने आई तस्वीरों में दोनों कैमरे के सामने मुस्कुराते दिखे। अल्लू अर्जुन ने काले और सुनहरे रंग की सिल्क शर्ट पहनी थी, जबकि स्नेहा ने गुलाबी रंग की ड्रेस चुनी। दुबई से सामने आए एक अन्य वीडियो में स्नेहा, अर्जुन का हाथ थामे उनके साथ चलती नजर आ रही हैं, जिसने फैंस का खास ध्यान खींचा।
गौरतलब है कि अल्लू सिरीश ने पिछले साल अपने दादा अल्लू रामलिंगैया की जयंती के मौके पर नयनिका रेड्डी से सगाई का ऐलान किया था। इसके बाद 31 अक्टूबर को हैदराबाद में एक सगाई समारोह आयोजित किया गया, जहां परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में दोनों ने अंगूठियां बदली थीं।
सिरीश ने पहले बताया था कि उनकी और नयनिका की मुलाकात अभिनेता नितिन और उनकी पत्नी शालिनी कंडुकुरी द्वारा आयोजित एक शादी की पार्टी में हुई थी। नयनिका, शालिनी की करीबी दोस्त हैं।
अल्लू सिरीश और नयनिका रेड्डी की शादी 6 मार्च 2026 को होगी। यह तारीख इसलिए भी खास है क्योंकि इसी दिन अल्लू अर्जुन और स्नेहा रेड्डी की शादी की सालगिरह भी होती है। काम की बात करें तो अल्लू सिरीश आखिरी बार साल 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘बडी’ में नजर आए थे।
