‘बूंग’ को BAFTA में नॉमिनेशन मिलने पर झूमे फरहान अख्तर, बताया क्यों है यह उनके लिए गर्व का मौका

‘बूंग’ को BAFTA में नॉमिनेशन मिलने पर झूमे फरहान अख्तर, बताया क्यों है यह उनके लिए गर्व का मौका

एक्सेल एंटरटेनमेंट, चॉकबोर्ड एंटरटेनमेंट और सूटेबल पिक्चर्स के बैनर तले बनी फिल्म ‘बूंग’ दुनियाभर में अपनी खास पहचान बना रही है। सच्ची कहानी, समृद्ध सांस्कृतिक पृष्ठभूमि और गहरे भावनात्मक जुड़ाव के कारण यह फिल्म दर्शकों के दिलों में खास जगह बना चुकी है। अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में शानदार प्रदर्शन, समीक्षकों की सराहना और कई पुरस्कार जीतने के बाद अब फिल्म को BAFTA अवॉर्ड्स में नॉमिनेशन मिला है, जिसने इसकी वैश्विक लोकप्रियता और प्रभाव को और मजबूत किया है।

इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए फरहान अख्तर ने कहा कि वह खुद को बेहद सम्मानित और आभारी महसूस कर रहे हैं। फरहान ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर साझा किया, जिसे BAFTA चिल्ड्रन्स एंड फैमिली फिल्म कैटेगरी में नामांकित किया गया है। उन्होंने लिखा, “‘बूंग’ को BAFTA की चिल्ड्रन्स एंड फैमिली कैटेगरी में नॉमिनेशन मिलने पर गर्व और खुशी महसूस हो रही है।”

मणिपुर की सांस्कृतिक विरासत को सादगी, हास्य और भावनाओं के साथ खूबसूरती से पिरोती फिल्म ‘बूंग’ ने अपनी संवेदनशील कहानी से दर्शकों को गहराई से जोड़ा है। चुनिंदा शहरों में हुई इसकी थिएटर रिलीज के दौरान कई शो हाउसफुल रहे, जिसके बाद दर्शकों की ओर से इसे और शहरों में रिलीज करने की मांग तेज हो गई।

लक्ष्मीप्रिया देवी द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर 2024 में टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। एक्सेल एंटरटेनमेंट, चॉकबोर्ड एंटरटेनमेंट और सूटेबल पिक्चर्स द्वारा निर्मित ‘बूंग’ 19 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

वहीं फरहान अख्तर के वर्कफ्रंट की बात करें तो नवंबर 2025 में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘120 बहादुर’ को बॉक्स ऑफिस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। इस फिल्म में फरहान एक सैनिक की भूमिका में नजर आए थे। कहानी 16 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित रेजांग ला में लड़ी गई ऐतिहासिक लड़ाई पर आधारित है, जहां भारतीय सेना की 13 कुमाऊं रेजिमेंट की ‘चार्ली कंपनी’ के 120 वीर जवानों ने मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में हजारों चीनी सैनिकों का सामना किया था।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *