बोकारो: एम्बुलेंस हादसे पर बयानबाजी
झारखंड में एम्बुलेंस खराब होने से महिला मरीज की मौत के मामले पर सियासत गरमा गई है. भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने प्रतिक्रिया दी है.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बाबूलाल मरांडी का काम ट्वीट करना है और उनके बयान से कोई फर्क नहीं पड़ता. उन्होंने दावा किया कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत है और कई लोगों की जान बचाई गई है.
क्या है पूरा मामला
घटना मुख्यमंत्री के पैतृक गांव नेमरा की है, जहां स्वास्थ्य विभाग की एम्बुलेंस रास्ते में खराब हो गई थी. बताया गया कि एम्बुलेंस को ठीक करने में देरी हुई, जिसके कारण उसमें ले जाई जा रही एक महिला मरीज की मौत हो गई.
इस घटना को लेकर बाबूलाल मरांडी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री की संवेदनहीनता के कारण ग्रामीणों को जर्जर एम्बुलेंस के भरोसे छोड़ दिया गया है.
मंत्री का जवाब
बोकारो दौरे पर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि उन्हें घटना की पूरी जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि वाहन पुराना हो चुका है और मशीन होने के कारण खराबी संभव है. नया टेंडर जारी कर व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी.
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था काफी अच्छी है और विपक्ष केवल राजनीतिक मुद्दा बना रहा है.
