पुलिस अधिकारी बनकर पद्मभूषण कड़िया मुंडा से रंगदारी की मांग, साइबर थाने में मामला दर्ज

पुलिस अधिकारी बनकर पद्मभूषण कड़िया मुंडा से रंगदारी की मांग, साइबर थाने में मामला दर्ज

खूंटी: भाजपा के वरिष्ठ नेता, खूंटी से पूर्व सांसद और पद्मभूषण से सम्मानित कड़िया मुंडा से अज्ञात अपराधी द्वारा रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर फोन पर धमकी दी है। 80 वर्षीय आदिवासी नेता को इस तरह का कॉल पहली बार आया है।

कड़िया मुंडा के निजी सहायक डॉ. निर्मल सिंह के अनुसार, मोबाइल नंबर 8208746581 से उनके नंबर 9431108685 पर लगातार कॉल किए जा रहे हैं। कॉल करने वाला व्यक्ति खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए पैसे की मांग कर रहा है और धमकियां भी दे रहा है।

डॉ. सिंह ने इस पूरे मामले की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए पुलिस और मुख्यमंत्री कार्यालय को टैग किया है। उन्होंने बताया कि कड़िया मुंडा फिलहाल अस्वस्थ हैं और इस तरह की कॉल से वे मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि डॉ. सिंह की शिकायत पर रांची साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और रंगदारी मांगने वाले आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि कड़िया मुंडा न केवल वरिष्ठ भाजपा नेता हैं, बल्कि लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *