दक्षिण भारत में पीएम मोदी की चुनावी दस्तक, DMK को अलविदा कहने का संदेश

दक्षिण भारत में पीएम मोदी की चुनावी दस्तक, DMK को अलविदा कहने का संदेश

वर्ष 2026 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर देश के कई राज्यों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) ने भी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। दक्षिण भारत में एनडीए की सरकार बनाने के लक्ष्य के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। ताजा जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आज शुक्रवार को तमिलनाडु के दौरे पर हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आज मदुरंतकम में एक बड़ी और अहम रैली आयोजित की जा रही है, जिसे तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह रैली चेन्नई–तिंडीवनम हाईवे पर होगी। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव से पहले यह एनडीए की पहली बड़ी जनसभा है, जिसमें राज्य भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
इस रैली में एनडीए के घटक दल— एआईएडीएमके, भारतीय जनता पार्टी, पट्टाली मक्कल काची, तमिल मनीला कांग्रेस और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम—के नेता शामिल होंगे।

DMK सरकार को अलविदा कहने का समय: पीएम मोदी

तमिलनाडु दौरे से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि राज्य में डीएमके सरकार को अलविदा कहने का समय आ गया है। उन्होंने लिखा कि तमिलनाडु एनडीए के साथ है और वह मदुरंतकम में होने वाली रैली में एनडीए नेताओं के साथ शामिल होंगे।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि एनडीए का शासन रिकॉर्ड और क्षेत्रीय आकांक्षाओं के प्रति प्रतिबद्धता राज्य के लोगों के दिलों को छू रही है।

23 जनवरी से चुनावी अभियान की शुरुआत

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता नैनार नागेंथ्रन ने बताया कि शुक्रवार, 23 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मदुरंतकम से तमिलनाडु में एनडीए के चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा कि इस रैली के जरिए सत्तारूढ़ डीएमके सरकार को सत्ता से हटाने का संदेश दिया जाएगा।
नागेंथ्रन ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान एनडीए के सभी घटक दलों के नेता मंच पर मौजूद रहेंगे।

घोषणापत्र को लेकर उठे आरोपों पर जवाब

डीएमके और एआईएडीएमके के बीच चुनावी वादों की कथित नकल को लेकर चल रही बहस पर प्रतिक्रिया देते हुए नैनार नागेंथ्रन ने कहा कि एआईएडीएमके के घोषणापत्र का बचाव पूरी मजबूती से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पार्टी नेता एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने पिछले चुनाव में महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह सहायता देने का वादा किया था, जिसे अब बढ़ाकर 2,000 रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसी योजना के समान होने मात्र से उसे नकल नहीं कहा जा सकता और राज्य में राजनीतिक माहौल में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *