रांची में तेज रफ्तार ब्लैक कार का कहर: 6 को रौंदा, 1 की मौत, 5 गंभीर

रांची में तेज रफ्तार ब्लैक कार का कहर: 6 को रौंदा, 1 की मौत, 5 गंभीर

खबर विस्तार से:

रांची: राजधानी में तेज रफ्तार वाहनों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार देर रात चुटिया थाना क्षेत्र के दुर्गा मंदिर चौक के पास एक तेज रफ्तार काली कार ने सड़क किनारे चल रहे छह लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

मृतक की पहचान धर्मेंद्र सिंह (मूल निवासी हटिया) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में चुटिया में रह रहे थे।

घायल कौन-कौन?

घायलों में शामिल हैं:

  • रेलवे की महिला टीटी अन्नापूर्णा नायडू
  • उनका पुत्र कुणाल नायडू
  • अमित सिंह
  • संदीप महतो
  • प्रशांत गौरव

सभी घायलों को गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला टीटी और उनके पुत्र की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे नेपाल हाउस की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने पहले एक व्यक्ति को टक्कर मारी। लोगों के शोर मचाने पर चालक ने रफ्तार और बढ़ा दी। इसी दौरान स्कूटी से गुजर रहीं अन्नापूर्णा नायडू और उनके पुत्र को भी टक्कर मार दी। कार ने तीन अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में लिया और मौके से फरार हो गई।

बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार 100 किमी/घंटा से अधिक थी। घटना के समय पास में एक गृह प्रवेश समारोह चल रहा था, जिससे इलाके में काफी भीड़ थी।

पुलिस जांच जारी

चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
सिटी डीएसपी केवी रमन ने बताया कि कार की पहचान कर ली गई है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *