सारंडा सर्च ऑपरेशन के दौरान फायरिंग, 16वें नक्सली का शव मिला

सारंडा सर्च ऑपरेशन के दौरान फायरिंग, 16वें नक्सली का शव मिला

रांची:
झारखंड के सारंडा क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में मारे गए 16वें नक्सली का शव भी सर्च ऑपरेशन के दौरान बरामद कर लिया गया है। इसके साथ ही झारखंड पुलिस का यह दावा सही साबित हो गया है कि इस एनकाउंटर में 15 से अधिक नक्सली मारे गए थे। इससे पहले गुरुवार को हुए अभियान में एक करोड़ के इनामी नक्सली अनल उर्फ पतिराम मांझी समेत 15 नक्सलियों के शव बरामद किए गए थे।

सर्च ऑपरेशन के दौरान मिला एक और शव

झारखंड पुलिस के आईजी (अभियान) डॉ. माइकल राज ने जानकारी दी कि शुक्रवार को भी सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग की, जिसका जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। नक्सल प्रभावित इलाके में पुलिस और केंद्रीय बलों द्वारा लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान एक और नक्सली का शव बरामद किया गया, हालांकि उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।
गौरतलब है कि गुरुवार को सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस के संयुक्त अभियान में मारे गए 15 नक्सलियों में से 13 की पहचान हो चुकी थी। शुक्रवार को एक और शव मिलने के बाद मृत नक्सलियों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है

गुरुवार को हुई थी भीषण मुठभेड़

यह मुठभेड़ किरीबुरू थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे शुरू हुई थी। अभियान में 209 कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम शामिल थी, जिसने शीर्ष माओवादी नेता अनल उर्फ पतिराम मांझी के सशस्त्र दस्ते को घेर लिया।
मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की, लेकिन जवानों ने आत्मरक्षा में प्रभावी कार्रवाई करते हुए उन्हें करारा जवाब दिया। अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार और दैनिक उपयोग की सामग्री भी बरामद की गई है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *