अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में वेनेज़ुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के लिए चलाए गए सैन्य अभियान का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इस कदम से वेस्टर्न हेमिस्फियर में एक बड़ा राष्ट्रीय खतरा कम हो गया है।
रुबियो यह बात बुधवार को सीनेट फॉरेन रिलेशंस कमेटी की सार्वजनिक सुनवाई में कह रहे थे। यह सुनवाई 3 जनवरी को मादुरो को हटाने वाले ऑपरेशन के बाद पहली बार हुई। इस दौरान प्रशासन की विदेश नीति पर रिपब्लिकन और डेमोक्रेट सांसदों के बीच तीखी बहस हुई, जिसमें ग्रीनलैंड, नाटो, ईरान और चीन जैसे मुद्दे भी शामिल थे।
सांसदों को संबोधित करते हुए रुबियो ने कहा कि ऑपरेशन के बाद अमेरिका अधिक सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि वाशिंगटन वेनेज़ुएला को स्थिर करने के लिए अंतरिम अधिकारियों के साथ काम कर रहा है। रुबियो ने कहा, “हम रातों-रात बदलाव नहीं ला सकते, लेकिन हम धीरे-धीरे अच्छी प्रगति कर रहे हैं। वेनेज़ुएला की वर्तमान स्थिति पिछले चार हफ्तों की तुलना में बेहतर है, और अगले तीन, छह या नौ महीनों में हम और भी बेहतर स्थिति में होंगे।”
रुबियो ने यह भी स्पष्ट किया कि वेनेज़ुएला की मौजूदा लीडरशिप अमेरिका के साथ सहयोग कर रही है और सुधार जल्द ही दिखने लगेंगे। उन्होंने सैन्य कार्रवाई की संभावना पर अपने पिछले बयान को भी स्पष्ट किया और कहा, “हम किसी भी समय सैन्य कार्रवाई करने के मूड में नहीं हैं, न ही ऐसा कोई इरादा है। केवल तभी विचार किया जाएगा जब कोई अनजान खतरा सामने आए।”
इसके अलावा रुबियो ने घोषणा की कि अमेरिका वेनेज़ुएला को तेल बेचने की अनुमति देगा, जिस पर फिलहाल अमेरिकी प्रतिबंध लागू हैं। उन्होंने कहा कि इस बिक्री से मिलने वाली राशि को पुलिसिंग और स्वास्थ्य जैसी बेसिक सरकारी सेवाओं के लिए रखा जाएगा। पैसा अमेरिकी नियंत्रण वाले खाते में जमा होगा और केवल तभी जारी किया जाएगा जब अमेरिका वेनेज़ुएला के मासिक बजट को मंजूरी दे देगा।
