हराइच होटल में प्रेमी युगल के शव मिलने से हड़कंप
बहराइच के एक होटल में प्रेमी युगल के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना होटल संचालक ने नगर पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
जानकारी के मुताबिक, श्रावस्ती निवासी युवक रिंकू और गौतमबुद्ध नगर निवासी महिला पिंकी 22 सितंबर से बहराइच के अवध कैलाश होटल के कमरा नंबर 201 में ठहरे हुए थे।
कमरे से नहीं मिली गतिविधि, पुलिस को दी गई सूचना
बताया गया कि पूरे दिन कमरे से कोई गतिविधि नहीं दिखाई देने पर होटल संचालक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
पुलिस के मुताबिक, कमरे के अंदर दोनों के शव फंदे से लटके मिले। होटल में जमा किए गए पहचान पत्रों के आधार पर दोनों की पहचान की गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कमरे का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस उपाधीक्षक एनडी मिश्रा ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
