रायपुर में 1400 लीटर डीजल बिना दस्तावेज जब्त
रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने बिना वैध दस्तावेज डीजल का परिवहन करते एक चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वाहन से सात लोहे के ड्रमों में करीब 1400 लीटर डीजल बरामद किया गया।
पुलिस ने डीजल से भरे ड्रम और टाटा इंट्रा वाहन समेत करीब 6.40 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
भनपुरी से खमतराई की ओर ले जाया जा रहा था डीजल
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि भनपुरी से खमतराई की ओर टाटा इंट्रा वाहन क्रमांक CG-04-UN-7617 में डीजल ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन की जांच की।
जांच के दौरान वाहन में सात लोहे के ड्रम मिले। प्रत्येक ड्रम में करीब 200 लीटर डीजल भरा हुआ था।
चालक वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका
पुलिस के मुताबिक, वाहन चालक विजेन्द्र सिंह यादव (50) डीजल से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी बिहार के पटना का निवासी है और वर्तमान में भेमता, तिल्दा में रह रहा था।
पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 287 बीएनएस और धारा 3, 7 ईसी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
