जापान चुनाव: LDP को दो-तिहाई बहुमत, पीएम सनाए ताकाइची को निर्णायक जनादेश

जापान चुनाव: LDP को दो-तिहाई बहुमत, पीएम सनाए ताकाइची को निर्णायक जनादेश

टोक्यो: जापान में हुए आम चुनाव में सत्ताधारी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लिया है। इस जीत के साथ प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची को अपने कंजर्वेटिव नीति एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए मजबूत जनादेश मिला है। यह जानकारी क्योडो न्यूज की रिपोर्ट में दी गई है।

465 सदस्यीय निचले सदन में LDP ने 310 सीटें जीत ली हैं, जिससे पार्टी को संविधान संशोधन और कानून पारित करने की शक्ति मिल गई है, भले ही ऊपरी सदन में सत्ताधारी गठबंधन अल्पमत में हो। रिपोर्ट के मुताबिक, युद्ध के बाद यह पहली बार है जब किसी पार्टी को इतनी बड़ी बढ़त मिली है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस जीत पर पीएम ताकाइची को बधाई दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने कहा कि भारत-जापान की विशेष रणनीतिक साझेदारी वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि में अहम भूमिका निभाती रहेगी।

ताकाइची की लोकप्रियता से मिली बड़ी जीत

चुनाव से पहले LDP के पास 198 सीटें थीं, जो अब बढ़कर 310 हो गई हैं। इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय काफी हद तक सनाए ताकाइची की व्यक्तिगत लोकप्रियता को दिया जा रहा है। LDP और उसकी गठबंधन सहयोगी जापान इनोवेशन पार्टी (JIP) मिलकर संसद में मजबूत स्थिति बनाए रखेंगी।

जीत के बाद ताकाइची ने कहा कि उनकी सरकार चुनावी वादों को प्राथमिकता के साथ पूरा करेगी और मौजूदा कैबिनेट को काफी हद तक बरकरार रखा जाएगा।

विपक्ष को बड़ा झटका

इस चुनाव में सेंट्रिस्ट रिफॉर्म अलायंस को बड़ा नुकसान हुआ है और उसकी सीटें आधी रह गई हैं। वहीं, छोटी पार्टियों में सैनसेइटो ने 13 सीटें जीतकर बड़ा उछाल दिखाया, जबकि टीम मिराई पहली बार 9 सीटों के साथ संसद में पहुंची है।

मतदान और अहम मुद्दे

चुनाव में करीब 1300 उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया। अनुमानित वोटर टर्नआउट 56.23% रहा, जो पिछले चुनाव से अधिक है। महंगाई, टैक्स में राहत और सुरक्षा खर्च बढ़ाना इस चुनाव के प्रमुख मुद्दे रहे। पीएम ताकाइची ने खाद्य पदार्थों पर 8% उपभोग कर को दो साल के लिए निलंबित करने पर चर्चा तेज करने का संकेत दिया है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *