रांची के नगड़ी में RIMS-2 निर्माण शुरू, ग्रामीणों के विरोध से मचा हंगामा

रांची के नगड़ी में RIMS-2 निर्माण शुरू, ग्रामीणों के विरोध से मचा हंगामा

नगड़ी में RIMS-2 परियोजना का कार्य शुरू

रांची के कांके क्षेत्र अंतर्गत नगड़ी मौजा में गुरुवार को RIMS-2 परियोजना के तहत भूमि पूजन के साथ चाहरदीवारी निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। भूमि पूजन के बाद भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेसीबी मशीन से नींव खुदाई का काम शुरू किया गया।

निर्माण कार्य प्रारंभ होते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।

ग्राम सभा की अनुमति को लेकर उठे सवाल

ग्रामीणों का कहना था कि ग्राम सभा की अनुमति के बिना निर्माण कार्य कैसे शुरू किया जा सकता है। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर नींव खुदाई का कार्य रुकवा दिया।

वहीं प्रशासन का कहना था कि यह सरकार द्वारा अधिग्रहित भूमि है और इस पर कार्य शुरू करने के लिए किसी अतिरिक्त अनुमति की आवश्यकता नहीं है।

ग्रामीणों ने भूमि को बताया खेती योग्य जमीन

विरोध कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि संबंधित भूमि उनकी खेती की जमीन है और निर्माण कार्य किसी अन्य स्थान पर किया जाना चाहिए।

करीब दो घंटे तक हंगामे और विरोध के कारण निर्माण कार्य बाधित रहा। इस दौरान ग्रामीण प्रशासनिक अधिकारियों की बात सुनने को तैयार नहीं थे।

अधिकारियों के समझाने के बाद शुरू हुआ काम

मौके पर मौजूद कांके अंचल अधिकारी (सीओ) अमित भगत ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल बनने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और लोगों को रोजगार एवं अन्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

अधिकारियों द्वारा समझाए जाने के बाद ग्रामीण दोबारा निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए राजी हो गए और नींव खुदाई का कार्य फिर से शुरू किया गया।

मुआवजे को लेकर महिलाओं ने उठाई मांग

इधर सीता कच्छप और नंदी कच्छप के नेतृत्व में नगड़ी गांव की दर्जनों महिलाएं मुआवजे से संबंधित अपनी बात रखने के लिए उपायुक्त से मिलने पहुंचीं। हालांकि समयाभाव के कारण उनकी मुलाकात नहीं हो सकी।

इसके बाद महिलाओं ने एसडीओ के समक्ष अपनी बात रखी। इस पर एसडीओ ने बताया कि संबंधित भूमि का मुआवजा पूर्व में दिया जा चुका है।

भारी पुलिस बल रहा तैनात

निर्माण स्थल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। मौके पर कांके सीओ अमित भगत, बीडीओ विजय कुमार, कांके थाना प्रभारी कुणाल कुमार, बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश रजक, इंस्पेक्टर मनोज कुमार, एसआई अरविंद कुमार सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

देर शाम तक निर्माण स्थल पर नींव खुदाई का कार्य जारी रहा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *