तेनुघाट व्यवहार न्यायालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर न्यायिक पदाधिकारियों ने किया योग

तेनुघाट व्यवहार न्यायालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर न्यायिक पदाधिकारियों ने किया योग

तेनुघाट व्यवहार न्यायालय में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

बेरमो/बोकारो: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर तेनुघाट व्यवहार न्यायालय परिसर में रविवार को विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारियों एवं न्यायिक कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास किया।

योग प्रशिक्षक संदीप प्रसाद ने उपस्थित लोगों को योग के महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग को स्वस्थ जीवन का आधार माना जाता है और नियमित योगाभ्यास से कई प्रकार की बीमारियों से बचाव संभव है। साथ ही उन्होंने लोगों से प्रतिदिन योग करने की अपील की।

न्यायिक पदाधिकारियों ने दिया योग अपनाने का संदेश

कार्यक्रम में तेनुघाट व्यवहार न्यायालय के जिला जज प्रथम फहीम किरमानी, कुटुंब न्यायालय के न्यायाधीश प्रेम नाथ पाण्डेय, जिला जज द्वितीय सूर्य मणि त्रिपाठी, जिला जज तृतीय नीरज कुमार, एसीजेएम मनोज कुमार प्रजापति, प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी दिग्विजय नाथ शुक्ला एवं राज कुमार पांडेय तथा एसडीजेएम रश्मि अग्रवाल सहित अन्य न्यायिक कर्मी उपस्थित रहे।

योग से मिलता है संतुलित और सकारात्मक जीवन

इस अवसर पर जिला जज प्रथम फहीम किरमानी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और सकारात्मक दिशा देने वाली प्राचीन भारतीय पद्धति है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति मानसिक तनाव से मुक्त रहकर स्वस्थ और ऊर्जावान जीवन जी सकता है।

उन्होंने लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया, ताकि समाज को अधिक स्वस्थ और जागरूक बनाया जा सके।

आत्मविश्वास और अनुशासन बढ़ाता है योग

अनुमंडल विधिक सेवा प्राधिकार समिति की सचिव सह एसडीजेएम रश्मि अग्रवाल ने कहा कि योग व्यक्ति में आत्मविश्वास, अनुशासन और मानसिक दृढ़ता का विकास करता है। उन्होंने सभी लोगों से नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।

विभिन्न योगासनों का कराया गया अभ्यास

योग प्रशिक्षक संदीप प्रसाद ने कार्यक्रम में शामिल लोगों को क्रमवार पद्मासन, वज्रासन, सिद्धासन, मत्स्यासन, वक्रासन, अर्धमत्स्येन्द्रासन, गोमुखासन, पश्चिमोत्तानासन, हलासन, ताड़ासन, वृक्षासन सहित कई योगासनों का अभ्यास कराया।

कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *