रांची के रिम्स की जमीन पर अवैध कब्जे और अपार्टमेंट निर्माण के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी ने रियल एस्टेट कंपनी लकी ग्रुप के प्रमोटर शुभम साबू को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले का मास्टरमाइंड प्रमोद महतो फिलहाल फरार चल रहा है।
रिम्स की 100 करोड़ की जमीन पर अतिक्रमण मामला, लकी ग्रुप का प्रमोटर गिरफ्तार
रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की जमीन पर अवैध कब्जा कर आवासीय अपार्टमेंट बनाने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी की टीम ने इस मामले में संलिप्त रियल एस्टेट कंपनी लकी ग्रुप के प्रमोटर शुभम साबू को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि मोरहाबादी मौजा के 8 एकड़ और कोकर मौजा के 1.65 एकड़ को मिलाकर कुल 9.65 एकड़ जमीन पर अवैध रूप से कब्जा जमाया गया था। इस सरकारी जमीन पर शुभम साबू ने लगभग 14 करोड़ रुपए की लागत से आवासीय अपार्टमेंट का निर्माण करवाया था।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के अधिकारियों के अनुसार, सिंडिकेट द्वारा जिस सरकारी जमीन का गलत तरीके से उपयोग किया गया था, उसकी वर्तमान बाजार कीमत 100 करोड़ रुपए से भी अधिक आंकी गई है।
बड़े सिंडिकेट ने किया था जमीन घोटाला
एसीबी की गहन जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि इस पूरे अवैध निर्माण और जमीन पर कब्जे के खेल को एक बड़े सिंडिकेट द्वारा अंजाम दिया गया था। भारत मंथन लाइव न्यूज को मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले का मुख्य मास्टरमाइंड प्रमोद महतो को माना जा रहा है। प्रमोद महतो ने ही पावर ऑफ अटॉर्नी लेकर इस कीमती जमीन पर पूरी तरह से नियंत्रण हासिल कराया था।
मुख्य मास्टरमाइंड प्रमोद महतो अब भी फरार
मामले का खुलासा होने के बाद से ही मास्टरमाइंड प्रमोद महतो लगातार फरार चल रहा है। एसीबी ने उसकी गिरफ्तारी के लिए अदालत से वारंट भी हासिल कर लिया है। कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए प्रमोद महतो ने अदालत में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन भी दिया था, लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। एसीबी की टीम इस मामले में जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छानबीन और छापेमारी की कार्रवाई कर रही है।
