चंदन अग्रवाल : गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के भीखोडीह गांव में शादी से दो दिन पहले नीरज पासवान की हत्या के बाद शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों ने जमुआ-चित्तरडीह मुख्य मार्ग जाम कर दिया। डीएसपी के निष्पक्ष जांच और कार्रवाई के आश्वासन के बाद करीब तीन घंटे बाद जाम हटाया गया।
जमुआ में शादी से दो दिन पहले नीरज पासवान की हत्या, होने वाले साढ़ू पर आरोप
गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के भीखोडीह गांव में शादी की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई। भीखोडीह निवासी नीरज पासवान की शादी से दो दिन पहले हत्या कर दी गई। घटना के बाद शनिवार को आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने जमुआ-चित्तरडीह मुख्य मार्ग जाम कर स्थानीय थाना प्रभारी के खिलाफ नारेबाजी की।
शादी की तैयारियों के बीच हुई वारदात
मिली जानकारी के अनुसार, नीरज पासवान की शादी 7 जुलाई को निर्धारित थी और घर में तैयारियां चल रही थीं। आरोप है कि 5 जुलाई को बिहार के बीचकुड़वा में उसकी हत्या कर दी गई।
परिजनों का आरोप है कि जिस युवती से नीरज की शादी होने वाली थी, उसी के जीजा, जो नीरज के होने वाले बड़े साढ़ू थे, उन्होंने साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया।
हत्या के बाद सड़क जाम, लोगों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। प्रदर्शनकारियों ने जमुआ-चित्तरडीह मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान स्थानीय थाना प्रभारी की कार्यशैली के खिलाफ लगातार नारेबाजी की गई।
डीएसपी ने दिया निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन
सड़क जाम की सूचना मिलने पर खोरीमहुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) अर्मेन्द्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मामले में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और निष्पक्ष जांच की जाएगी।
डीएसपी ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय थाना प्रभारी की कार्यशैली पर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने सार्वजनिक रूप से थाना प्रभारी के कार्यों की निंदा करते हुए कहा कि पुलिसिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जमुआ थाना प्रभारी के कार्यों को लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) को जांच रिपोर्ट भेजी जाएगी।
तीन घंटे बाद खुला मार्ग
डीएसपी के आश्वासन के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे से जारी सड़क जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद
पुलिस ने नीरज पासवान हत्या मामले में प्रयुक्त चाकू, मोबाइल, स्कूटी, शराब की बोतल और लोहे की रॉड बरामद कर ली है।
कई जनप्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
सड़क जाम के दौरान पूर्व विधायक केदार हाजरा, जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष कामेश्वर पासवान, भाकपा माले जिला सचिव अशोक पासवान, जीप सदस्य बिजय पाण्डेय, मीणा दास, रीतलाल प्रसाद वर्मा, राजद नेत्री बसंती देवी और भाजपा नेता पप्पू वर्मा सहित अन्य लोग मृतक परिवार को न्याय दिलाने की मांग के समर्थन में मौजूद रहे।
मौके पर जमुआ अंचल पुलिस निरीक्षक प्रदीप कुमार दास, एसआई छाया किस्कु, थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार, मनोज कुमार सिंह, मनसाडीह प्रभारी ए.के. ठाकुर, निरंजन कश्यप सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे।
