कवर्धा। छत्तीसगढ़ के लोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंगारपुर में पुलिस ने महिला की निर्मम हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। चरित्र पर संदेह के चलते पति द्रोणाचार्य वर्मा ने ही अपनी पत्नी किरण वर्मा की ईंट और सीएफएल (CFL) बल्ब से हमला कर हत्या कर दी थी। पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कवर्धा पुलिस ने किया महिला हत्याकांड का खुलासा
भारत मंथन लाइव न्यूज। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। लोहारा थाना क्षेत्र में हुई महिला की हत्या के मामले में उसका पति ही असली कातिल निकला। आरोपी ने चरित्र पर संदेह होने के कारण अपनी पत्नी की दर्दनाक हत्या कर दी थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी द्रोणाचार्य वर्मा ने अपनी पत्नी किरण वर्मा पर ईंट और सीएफएल (CFL) बल्ब से जानलेवा हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस को किया गुमराह
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी द्रोणाचार्य वर्मा खुद लोहारा थाने पहुंचा और पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने पुलिस का ध्यान भटकाने और खुद को बचाने की नीयत से यह झूठी कहानी रची थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 16 जुलाई को ग्राम सिंगारपुर स्थित एक खेत में लगे ट्यूबवेल के पीछे से किरण वर्मा का शव बरामद किया था। इसके बाद से ही पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई थी।
साइबर सेल और पुलिस की सख्ती से टूटा आरोपी
शव बरामद होने के बाद स्थानीय पुलिस और साइबर सेल की टीम ने मामले की सूक्ष्मता से जांच शुरू की। संदेही पति से जब कड़ाई से पूछताछ की गई और तकनीकी साक्ष्य सामने रखे गए, तो आरोपी द्रोणाचार्य वर्मा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया है।
