गया। बिहार के गया जिले अंतर्गत इमामगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की का अपहरण कर होटल में दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर इमामगंज पुलिस ने विशेष टीम गठित कर 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
गया के इमामगंज में नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
भारत मंथन लाइव न्यूज। बिहार के गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इमामगंज थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के मात्र 24 घंटे के भीतर त्वरित छापेमारी कर आरोपी आशीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले का खुलासा करते हुए ग्रामीण एसपी दिव्यांजलि जायसवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि पीड़िता के पिता द्वारा इमामगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने बिना देरी किए कार्रवाई शुरू की।
शेरघाटी के होटल में दो दिनों तक किया दुष्कर्म
दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी आशीष कुमार नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अगवा कर शेरघाटी स्थित एक होटल में ले गया था। आरोप है कि वहां आरोपी ने नाबालिग के साथ दो दिनों तक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
दो दिनों बाद जब आरोपी पीड़िता को वापस छोड़ने आया, तो उसने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
24 घंटे के भीतर विशेष टीम ने पकड़ी गुड़िया से किया गिरफ्तार
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए इमामगंज थाने में पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ी गुड़िया इलाके में छापेमारी कर आरोपी आशीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक जांच जारी है।
