हजारीबाग के लाइन होटल में पुलिस रेड, कट्टा और कारतूस के साथ तीन गिरफ्तार

हजारीबाग के चौपारण में लाइन होटल रेड के दौरान देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार आरोपी

हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले अंतर्गत चौपारण थाना क्षेत्र के सियारकोनी स्थित मां गंगोत्री लाइन होटल में पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने बिहार के तीन संदिग्ध युवकों को एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, कार और बुलेट बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस इनके आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है।

हजारीबाग के चौपारण में लाइन होटल से हथियारबंद गिरफ्तारियां

भारत मंथन लाइव न्यूज। झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। चौपारण थाना क्षेत्र के सियारकोनी स्थित मां गंगोत्री लाइन होटल में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने तीन संदिग्ध हथियारबंद युवकों को धर दबोचा।

गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी पड़ोसी राज्य बिहार के निवासी हैं। पुलिस ने मौके से हथियार, वाहन और अन्य सामान जब्त कर संभावित आपराधिक साजिश की जांच शुरू कर दी है।

गुप्त सूचना पर एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई

बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 30 जुलाई की रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने लाइन होटल पर तुरंत दबिश दी और घेराबंदी कर तीनों युवकों को हिरासत में लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के गया जिले के लोदीपुर निवासी अक्षय कुमार, बेला सोनपुर निवासी प्रिंस कुमार और मखदुमपुर थाना क्षेत्र के करण राज के रूप में की गई है।

हथियार, कार, बुलेट बाइक और मोबाइल बरामद

पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, कई जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, एक सफेद रंग की डिजायर कार (BR01DG6000) और एक बुलेट मोटरसाइकिल (JH02BJ4723) बरामद की गई है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रिंस कुमार और अक्षय कुमार के खिलाफ बिहार के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश में जुटी है कि आरोपी झारखंड किस आपराधिक मंशा से पहुंचे थे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *