रांची नगर निगम ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान

रांची नगर निगम द्वारा लाइन टैंक और करमटोली मार्ग पर चलाया गया अतिक्रमण रोधी अभियान

रांची: शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने शुक्रवार को विशेष अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया। टीम ने लाइन टैंक मार्ग, जेल चौक, करमटोली और किशोरगंज चौक से गाड़ीखाना चौक तक कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे, गुमटियों व ठेलों को हटाया और सार्वजनिक भूमि को मुक्त कराया।

रांची में सड़क किनारे से हटाए गए अवैध कब्जे

शहर की सड़कों पर यातायात को सुचारू बनाने के लिए रांची नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। निगम की इंफोर्समेंट टीम ने शुक्रवार को व्यस्त इलाकों में विशेष अतिक्रमण रोधी अभियान चलाकर अवैध निर्माणों, गुमटियों और ठेलों के खिलाफ कार्रवाई की।

लाइन टैंक, करमटोली और किशोरगंज में सख्त कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान लाइन टैंक रोड से करमटोली चौक तक लगभग 8 अस्थायी निर्माण हटाए गए, जबकि 2 गुमटियों और 3 ठेलों को जब्त किया गया। करमटोली मार्ग पर 3 भवनों के फ्रंट सेटबैक व पार्किंग क्षेत्र में अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग्स और विज्ञापनों को काटकर जब्त किया गया। वहीं, किशोरगंज-गाड़ीखाना मार्ग पर नालियों के ऊपर बनी अवैध बाउंडी वॉल को ध्वस्त किया गया।

बुलडोजर से हटाया गया अतिक्रमण, निगम की चेतावनी

अभियान के तहत 2 भवनों के सेटबैक क्षेत्र में बने निर्माणों को हटाया गया और गिफ्ट डीड की जमीन पर हुए अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाकर मार्ग को सुव्यवस्थित किया गया। नगर निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि पार्किंग स्थल, सेटबैक एरिया या गिफ्ट डीड की जमीनों पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *