नवापारा-राजिम (छत्तीसगढ़): रायपुर जिले के गोबरा नवापारा में रासुका (NSA) के तहत गिरफ्तार आदतन अपराधी लल्ला सोनवानी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने के प्रयास में परिजनों और समर्थकों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नगर पालिका सभापति सहित करीब 15 लोगों को गिरफ्तार किया और शहर में उनका जुलूस निकाला।
रासुका में गिरफ्तारी के दौरान भड़का हंगामा
रायपुर जिला दंडाधिकारी के आदेश पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर आदतन अपराधी लल्ला सोनवानी उर्फ टुम्मन के परिजनों और समर्थकों ने हमला कर दिया। आरोपी 5 अगस्त 2026 को आबकारी मामले में जेल से छूटकर घर आया था। 6 अगस्त को रासुका का आदेश मिलने के बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम उसे पकड़ने सदर रोड स्थित उसके निवास पहुंची, जहां से भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को पुलिस ने पकड़ा।
अस्पताल परिसर में धक्का-मुक्की और फिल्मी स्टाइल में पीछा
मुलाहिजे के लिए सीएचसी गोबरा नवापारा ले जाते वक्त आरोपी की मां, दोनों पत्नियों और अन्य लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की। इसके बाद जब पुलिस टीम रायपुर जेल के लिए रवाना हुई, तो आरोपी के समर्थकों ने स्कॉर्पियो और 4 मोटरसाइकिलों से पुलिस वाहन का पीछा किया। ग्राम पिपरौद के पास बाइक से पुलिस वाहन को डंडों से मारकर रोका गया और गाड़ी के दरवाजे खोलकर लल्ला को छुड़ाने का प्रयास किया गया।
थाना उड़ाने और पेट्रोल बम की धमकी
प्रधान आरक्षक राधेश्याम सिंह की शिकायत के मुताबिक, आरोपी लल्ला ने पुलिसकर्मियों को 100 लोगों के साथ थाना घेरने, हरिजन एक्ट व बलात्कार केस में फंसाने, पेट्रोल बम से पुलिस वाहन को जलाने तथा कलेक्टर-एसपी बंगले को उड़ाने की धमकी दी। स्थिति को बिगड़ता देख सीएसपी को सूचित किया गया और वाहन को वापस थाने लाया गया।
नगर पालिका सभापति समेत 15 गिरफ्तार
पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर हमला करने और आरोपी को छुड़ाने की कोशिश करने के आरोप में त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर पालिका सभापति समेत करीब 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कानून व्यवस्था और खौफ खत्म करने के उद्देश्य से आरोपियों का शहर में जुलूस निकाला।
