बलौदाबाजार फर्जी ट्रांसफर आदेश मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, कुल 6 पकड़े गए

बलौदाबाजार फर्जी ट्रांसफर आदेश मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के पलारी में फर्जी ट्रांसफर आदेश मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कूटचरित मामले में अब तक दो भाजपा नेताओं सहित कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एसपी गौरव राय के निर्देश पर पलारी पुलिस धोखाधड़ी की धाराओं में कार्रवाई कर रही है।

एसपी के निर्देश पर जालसाजी के मामले में बड़ी कार्रवाई

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी थाना क्षेत्र में सामने आए फर्जी स्थानांतरण आदेश मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कूटरचना और धोखाधड़ी के इस प्रकरण में पलारी पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी गौरव राय के निर्देश पर चलाई जा रही इस जांच के तहत अब तक कुल 6 आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है। ताजा कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परख कश्यप (36) और प्रणव अवस्थी (30) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी सिविल लाइन बलौदाबाजार और ग्राम रिसदा के निवासी हैं।

पूर्व में दो भाजपा नेताओं समेत चार आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

इससे पहले 22 अगस्त को पुलिस ने इस मामले में चार प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी का ग्रामीण चिकित्सा सहायक (RMA) करण कुमार देवांगन, कसडोल निवासी रवि कुमार सेन, गिरौदपुरी निवासी भाजपा नेता पुनीराम पटेल और रिसदा निवासी भाजपा नेता किशना उर्फ कृष्ण कुमार अवस्थी शामिल हैं।

पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि यह पूरा गिरोह सरकारी विभागों में जाली दस्तावेज तैयार कर ट्रांसफर का खेल चला रहा था।

बीएमओ की शिकायत के बाद उजागर हुआ फर्जीवाड़ा

यह पूरा मामला पलारी बीएमओ डॉ. पंकज वर्मा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद प्रकाश में आया। रोहांसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के आरएमए करण देवांगन ने बलौदाबाजार का एक फर्जी स्थानांतरण आदेश पेश किया था।

आदेश क्रमांक H.M./A.R./2026-27/1359 (दिनांक 14/08/2026) के तहत करण देवांगन का ट्रांसफर भाटापारा विकासखंड के मोपर पीएचसी में दिखाया गया था। दस्तावेजों की पड़ताल में आदेश पूरी तरह फर्जी पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू की।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *