फिलीपींस के पलावन द्वीप के पास बुधवार रात MV June Aster नाम की एक फेरी में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 80 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। फिलीपीन कोस्ट गार्ड ने 43 लोगों को सुरक्षित बचा लिया है और लापता यात्रियों की तलाश में बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
फिलीपींस में बीच समंदर फेरी में लगी आग, कई लापता
134 यात्रियों को ले जा रही थी फेरी फिलीपींस के पलावन द्वीप के पास बुधवार रात एक बड़ा समुद्री हादसा सामने आया। भारत मंथन लाइव न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, ‘MV June Aster’ नाम की इस फेरी में 117 यात्री और 17 क्रू मेंबर सवार थे। यानी पोत पर कुल 134 लोग मौजूद थे।
कोरोन के पास हुआ हादसा यह फेरी मनीला के बेसको से रवाना होकर पलावन के कोरोन जा रही थी। रास्ते में बीच समंदर कोरोन के पास अचानक फेरी में भीषण आग लग गई और पूरा जहाज आग की लपटों से घिर गया। सूचना मिलते ही फिलीपीन कोस्ट गार्ड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया।
43 लोगों को बचाया गया, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी फिलीपीन कोस्ट गार्ड की प्रवक्ता कमोडोर नोएमी कायाबयाब के अनुसार, बुधवार रात चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 43 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। अब तक 5 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 80 से अधिक लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। कोस्ट गार्ड ने स्पष्ट किया है कि तलाश अभियान जारी रहने के साथ आंकड़ों में बदलाव हो सकता है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू सोशल मीडिया और मीडिया में जारी फुटेज में फेरी को आग में जलते और रेस्क्यू टीमों को बचाव कार्य करते देखा गया है। फेरी में आग किस वजह से लगी, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। फिलीपीन कोस्ट गार्ड ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
