ओहायो गवर्नर पद के उम्मीदवार विवेक रामास्वामी द्वारा डेमोक्रेट प्रतिद्वंद्वी एमी एक्टन के खिलाफ जारी किया गया नकारात्मक विज्ञापन राज्यभर में विवादों में घिर गया है। रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स दोनों की कड़ी आलोचनाओं के बीच, इसे ओहायो की राजनीति में ‘राजनीतिक आत्महत्या’ बताया जा रहा है।
विवेक रामास्वामी के विज्ञापन पर क्यों मचा है बवाल?
भारतीय-अमेरिकी उद्यमी और अरबपति विवेक रामास्वामी ओहायो गवर्नर पद के आगामी 3 नवंबर के चुनाव के लिए रिपब्लिकन उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं। उन्होंने अपने चुनाव प्रचार के दौरान एक विज्ञापन जारी किया था, जिसमें उनके डेमोक्रेट प्रतिद्वंद्वी एमी एक्टन की मां डोना आर्थर ने अपनी बेटी को झूठा बताया और ओहायो के लोगों से उन्हें वोट न देने की अपील की।
इस विज्ञापन ने ओहायो में एक संवेदनशील मुद्दे को हवा दे दी है, क्योंकि एमी एक्टन बचपन में अपने सौतेले पिता द्वारा बाल उत्पीड़न (चाइल्ड एब्यूज) की शिकार रही थीं। उनके सौतेले पिता पर कानूनी आरोप लगे थे, जिसके बाद वह फरार हो गए थे और 2004 में उनकी मौत तक पकड़े नहीं गए थे।
अदालती कार्रवाई और मां से अलगाव
अदालत ने एमी एक्टन और उनके भाई को उनकी मां की कस्टडी से हटा दिया था। 1978 में जब एक्टन मात्र 12 वर्ष की थीं, तभी से वह अपनी मां से अलग रह रही थीं। ऐसे में, अपनी ही बेटी के खिलाफ मां को खड़ा करने वाले इस विज्ञापन को लेकर ओहायो के रूढ़िवादी रिपब्लिकन नेताओं में भी गहरी नाराजगी देखने को मिली है।
रिपब्लिकन पार्टी की आंतरिक प्रतिक्रिया
ओहायो के मौजूदा रिपब्लिकन गवर्नर माइक डीवाइने ने इस विज्ञापन को “बेहद परेशान करने वाला” करार दिया है, हालांकि वह अभी भी रामास्वामी का समर्थन कर रहे हैं। वहीं, राज्य के एक अन्य पूर्व गवर्नर और रिपब्लिकन नेता बॉब टाफ्ट ने इस कदम की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यह “मानवीय मर्यादा की सीमाओं को पार करता है।”
इस विज्ञापन का समर्थन करने वाले प्रमुख नेताओं में केवल राष्ट्रपति डोनाल्ड्र ट्रम्प और उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस शामिल हैं। ट्रम्प ने इस विज्ञापन को “बेहद ताकतवर” बताया, जबकि वेंस ने रामास्वामी की आलोचना करने वाले रिपब्लिकन नेताओं पर नाराजगी जताई। हालांकि, ट्रम्प के समर्थन के बावजूद रामास्वामी की चुनावी स्थिति में सुधार होता नहीं दिख रहा है।
स्थानीय स्तर पर बढ़ता विरोध
रामास्वामी के खिलाफ जनता के मूड में आए बदलाव का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि स्थानीय स्तर पर उनके प्रचार स्थलों (वेन्यू) को रद्द किया जा रहा है। इसके अलावा, ओहायो के सबसे ज्यादा सर्कुलेशन वाले स्थानीय अखबार ‘प्लेन डीलर’ ने, जिसने आम तौर पर चुनाव में उम्मीदवारों का समर्थन न करने की नीति अपनाई थी, अपनी तटस्थता की नीति को बदलते हुए रामास्वामी के खिलाफ रुख अपनाया है और एमी एक्टन का समर्थन किया है।
