रांची डोरंडा में अवैध बूचड़खानों पर छापेमारी, दो हिरासत में

रांची डोरंडा में अवैध बूचड़खानों पर छापेमारी, दो हिरासत में

रांची के डोरंडा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में अवैध बूचड़खानों के संचालन की सूचना पर पुलिस ने बुधवार शाम संयुक्त छापेमारी की। हटिया डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस ने रहमत कॉलोनी समेत आसपास के इलाकों में कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से गोवंश और भारी मात्रा में गोवंश का चमड़ा बरामद किया। कार्रवाई के बाद दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घरों के बाहर बांधे गए थे दुधारू मवेशी

पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान अवैध गतिविधियों के संचालन के तरीके की भी जानकारी मिली। आरोप है कि तस्करों ने घरों के बाहर दुधारू मवेशियों को इस तरह बांध रखा था, जिससे गतिविधियां सामान्य पशुपालन या दूध के कारोबार जैसी दिखाई दें।

पुलिस का आरोप है कि इसी आड़ में गोवंश के अवैध कटान और चमड़े की तस्करी का कारोबार चल रहा था।

पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों से जुड़े तार

प्रारंभिक जांच में पुलिस को इस नेटवर्क के तार पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों से जुड़े होने की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि यहां से बरामद चमड़े को दूसरे राज्यों में भेजा जाता था।

पिछले कुछ दिनों से हटिया इलाके में बीफ बिरयानी की बिक्री और गोवंश काटे जाने की सूचनाएं भी पुलिस को मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस ने बुधवार को यह कार्रवाई की।

मुख्य सरगना की तलाश में पुलिस

हटिया डीएसपी नीरज कुमार के अनुसार, मौके से भारी मात्रा में चमड़ा और अन्य सामान जब्त किया गया है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य सरगना की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *