मला में 28 सितंबर से एचआईवी-एड्स जागरूकता अभियान
गुमला जिले में “Intensified IEC Campaign 2026” के तहत एचआईवी/एड्स, सिफलिस, टीबी और हेपेटाइटिस-बी/सी को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 28 सितंबर से 12 अक्टूबर 2026 तक संचालित होगा।
सदर अस्पताल गुमला के सभागार में उपाधीक्षक अनुपम किशोर और यक्ष्मा पदाधिकारी केके मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभियान की जानकारी दी।
एचआईवी संक्रमण और बचाव को लेकर होगी जागरूकता
केके मिश्रा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य लोगों को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों और जांच की सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के दौरान एचआईवी/एड्स नियंत्रण अधिनियम 2017, गर्भवती महिलाओं में एचआईवी एवं सिफलिस की जांच तथा संक्रमित लोगों के प्रति भेदभाव समाप्त करने को लेकर भी जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
गुमला में 290 एचआईवी पॉजिटिव मामले दर्ज
जारी आंकड़ों के अनुसार, आईसीटीसी सदर अस्पताल गुमला में अब तक कुल 290 एचआईवी पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 256 लोग जीवित हैं, जबकि 34 मौतें रिपोर्ट की गई हैं।
जीवित मरीजों में 127 पुरुष, 113 महिलाएं, 10 पुरुष बच्चे और 6 महिला बच्चे शामिल हैं। वर्ष 2026-27 में अप्रैल से सितंबर तक 11 नए एचआईवी पॉजिटिव मामले सामने आए हैं।
गर्भवती महिलाओं और बच्चों की रिपोर्ट
गर्भवती महिलाओं से संबंधित आंकड़ों में 26 जीवित जन्म, 6 गर्भपात/एमटीपी और 2 महिलाएं प्रसव की प्रतीक्षा में दर्ज हैं।
वहीं, बच्चों की रिपोर्ट में 26 बच्चों की जांच की गई, जिनमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव बताई गई है।
स्कूलों और पंचायतों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक अनुपम किशोर ने बताया कि अभियान के तहत माध्यमिक विद्यालयों, पंचायतों, उच्च शिक्षा संस्थानों, एनएससी/एनएसएस कैडेटों और कारागार में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
28 सितंबर को सदर अस्पताल परिसर से जागरूकता रैली निकाली जाएगी। इसके अलावा सदर अस्पताल परिसर, पटेल चौक और बाजार टांड़ में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
अभियान के दौरान जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायत राज विभाग और अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
