बारुईपुर रेप आरोपी के एनकाउंटर पर भड़कीं सांसद महुआ मोइत्रा

बारुईपुर रेप और मर्डर केस के मुख्य आरोपी प्रभाष मंडल के पुलिस एनकाउंटर स्थल की सांकेतिक तस्वीर।

पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में 12 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या मामले का मुख्य आरोपी प्रभाष मंडल बुधवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। इस एनकाउंटर पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने पश्चिम बंगाल पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए और इसे ‘जंगलराज’ करार दिया।

क्राइम सीन रिक्रिएशन के दौरान भागने की कोशिश में मारा गया आरोपी

सिलीगुड़ी: पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और उसके बाद उसकी हत्या करने के मामले का मुख्य आरोपी प्रभाष मंडल बुधवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी द्वारा इस घटनाक्रम की पुष्टि की गई है। इस एनकाउंटर के बाद राज्य में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा ने इस एनकाउंटर को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने पश्चिम बंगाल को ‘उत्तर प्रदेश 2.O’ करार देते हुए लिखा, “बारुईपुर रेप और मर्डर केस का आरोपी प्रभाष मंडल एनकाउंटर में मारा गया। पश्चिम बंगाल पुलिस यह क्या हो रहा है? बंगाल के लोगों नए बंगाल यानी कि उत्तर प्रदेश 2.0 का स्वागत करें। यह कोई सरकार नहीं है, यह जंगल राज है।”

पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर चलाई थी गोली

पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 12:45 बजे जांच प्रक्रिया के तहत आरोपी प्रभाष मंडल को वारदात वाली जगह का क्राइम सीन दोबारा समझने (क्राइम सीन रिक्रिएशन) के लिए बारुईपुर के सूर्यपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी से हथियार छीन लिया और भागने का प्रयास किया।

आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर गोलियां भी चलाईं, जिसके बाद पुलिसकर्मियों को आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। जवाबी गोलीबारी में आरोपी घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुख्य आरोपी प्रभाष मंडल को घटना से ठीक पहले सीसीटीवी फुटेज में पीड़िता के साथ देखा गया था।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 72 घंटे में मांगी रिपोर्ट

भारत मंथन Live News को मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को पुलिस महानिदेशक (DGP) सिद्धनाथ गुप्ता को इस मामले में 72 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था। दक्षिण 24 परगना जिले के एसपी कार्यालय में पीड़िता के माता-पिता से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायत दर्ज होने के बाद यदि उचित कदम उठाने में एक प्रतिशत भी लापरवाही हुई होगी, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि रविवार को पीड़िता का शव मिलने के बाद हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मारा गया इंद्रजीत मंडल बेकसूर था और उसे भी न्याय मिलेगा। साथ ही सार्वजनिक संपत्ति व पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाने वाले लगभग 200 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बोरी में मिला था बच्ची का शव

उल्लेखनीय है कि गत रविवार को पीड़िता का शव सुर्ज्यपुर हाट इलाके में एक बोरी में बरामद हुआ था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बारुईपुर-जयनगर मार्ग अवरुद्ध कर दिया था और पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की थी। इस मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका था और राज्य सरकार ने जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *