बेरमो में नाबालिग के अपहरण-दुष्कर्म का आरोप, विधि विरुद्ध बालक निरुद्ध

बोकारो के गोमिया में नाबालिग के अपहरण का मामला, आरोपी हिरासत में

बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप से जुड़ा मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोपी पर लड़की की तस्वीर इंस्टाग्राम और फेसबुक पर वायरल करने का आरोप लगाते हुए गोमिया थाना में आवेदन दिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग लड़की को बरामद कर लिया है। इस मामले में एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।

परिजनों के आवेदन पर दर्ज हुआ मामला

बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह ने तेनुघाट स्थित अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि गोमिया थाना क्षेत्र के तेतरिया टांड निवासी नाबालिग लड़की के पिता ने अपहरण, दुष्कर्म और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप को लेकर शिकायत दी थी।

शिकायत के आधार पर गोमिया थाना में कांड संख्या 130/2026, दिनांक 28 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1), 137(2), 352, पॉक्सो एक्ट की धारा 4/6/11/12/23 तथा आईटी एक्ट की धारा 66(E) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने नाबालिग को किया बरामद

एसडीपीओ रविन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गोमिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान नाबालिग लड़की को बरामद कर लिया गया। मामले में एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध कर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल

पुलिस की कार्रवाई में गोमिया अंचल के पुलिस निरीक्षक अनिल कच्छप, गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो, गोमिया थाना के पुलिस अवर निरीक्षक बिरसा बाड़ा, सहायक अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार, तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

मामले में पुलिस की ओर से आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *