बॉबी देओल का कमबैक: 16 सालों की 15 फ्लॉप फिल्मों के बाद विलेन की भूमिका में वापसी, साउथ सिनेमा में भी छा गए

बॉबी देओल का कमबैक: 16 सालों की 15 फ्लॉप फिल्मों के बाद विलेन की भूमिका में वापसी, साउथ सिनेमा में भी छा गए

बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल आज यानी 27 जनवरी को अपना 57वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका फिल्मी सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है—जहां शुरुआती दौर में उन्होंने सुपरस्टारडम का स्वाद चखा, वहीं बाद में एक लंबा संघर्ष देखा और फिर ऐसी दमदार वापसी की, जिसने सभी को चौंका दिया। बॉबी देओल के करियर में कई यादगार परफॉर्मेंस रही हैं, कुछ आइकॉनिक बनीं तो कई फिल्में अंडररेटेड रह गईं। आइए जानते हैं उनके करियर की कहानी—सफलता, असफलता, टर्निंग पॉइंट और कमबैक तक।

बॉबी देओल का फिल्मी सफर और शुरुआती सफलता

बॉबी देओल ने 1977 में मनमोहन देसाई की फिल्म धरम वीर से बतौर बाल कलाकार डेब्यू किया था, जिसमें उन्होंने अपने पिता धर्मेंद्र के बचपन का किरदार निभाया। हालांकि, साल 1995 में आई फिल्म बरसात से उन्होंने बतौर लीड एक्टर बॉलीवुड में एंट्री की और रातों-रात स्टार बन गए।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फिल्म धर्मेंद्र ने अपने छोटे बेटे के लिए खास तौर पर राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनवाई थी, जिसमें बॉबी के साथ ट्विंकल खन्ना नजर आई थीं। गुड लुक्स और चार्म के चलते बॉबी देओल जल्द ही फीमेल फैंस के फेवरेट बन गए। इसके बाद गुप्त जैसी हिट फिल्म ने उन्हें नेशनल हार्टथ्रोब का दर्जा दिलाया।

संघर्ष का दौर

2000 के दशक के अंत तक इंडस्ट्री में नए कलाकारों के आने से बॉबी देओल का स्टारडम धीरे-धीरे फीका पड़ने लगा। बॉलीवुड के बदलते ट्रेंड के साथ उनका करियर भी ढलान पर चला गया और वह साइडलाइन होते चले गए। कई सोलो फिल्में करने के बावजूद उन्हें खास सफलता नहीं मिली।

अपने और यमला पगला दीवाना जैसी मल्टी-स्टारर फिल्मों और कुछ कैमियो के बाद बॉबी लंबे समय तक फिल्मों से दूर रहे। साल 2017 में पोस्टर बॉयज से उन्होंने वापसी की और फिर रेस 3हाउसफुल 4 जैसी बड़ी फिल्मों में नजर आए। इस दौर को लेकर बॉबी देओल ने कई बार इंटरव्यू में असफलता, मानसिक दबाव और खोए हुए मौकों पर खुलकर बात की है।

टर्निंग पॉइंट और दमदार कमबैक

90 के दशक के रोमांटिक और सॉफ्ट इमेज वाले बॉबी देओल को देखकर शायद ही किसी ने सोचा होगा कि वह अपने करियर के दूसरे चरण में खतरनाक विलेन के रूप में छा जाएंगे। कोविड महामारी उनके करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई। डिजिटल प्लेटफॉर्म के उभार के साथ बॉबी को नई पहचान मिली।

प्रकाश झा की वेब सीरीज आश्रम और क्लास ऑफ 83 में उनकी परफॉर्मेंस को जबरदस्त सराहना मिली और उन्होंने ओटीटी पर शानदार वापसी की।

साल 2023 में रणबीर कपूर स्टारर फिल्म एनिमल में अबरार जैसे खौफनाक किरदार ने बॉबी देओल को एक बार फिर चर्चा में ला दिया। एक दिव्यांग, साइकोपैथ विलेन के रूप में उनकी शैतानी मुस्कान और स्क्रीन प्रेजेंस ने दर्शकों को हैरान कर दिया।

इसके बाद बॉबी देओल अपनी पहली तमिल फिल्म कंगुवा में और भी रौद्र अवतार में नजर आए। वहीं 2025 में आर्यन खान के निर्देशन में बनी शाहरुख खान के बेटे की वेब सीरीज द बैड्स ऑफ बॉलीवुड में उन्होंने अजय तलवार का किरदार निभाया।

16 साल में 15 फ्लॉप फिल्में

साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म अपने बॉबी देओल के करियर की बड़ी हिट साबित हुई। हालांकि, 2007 से 2023 के बीच उन्होंने करीब 19 फिल्मों में काम किया, जिनमें से 15 से ज्यादा बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रहीं। इसी दौरान उनकी ओटीटी सीरीज आश्रम सुपरहिट रही। एनिमल में महज 15 मिनट के रोल ने उनके करियर को नई उड़ान दे दी, जिसके बाद वह साउथ सिनेमा में भी लगातार काम कर रहे हैं।

‘लॉर्ड बॉबी’ मीम्स से मिली नई पहचान

फिल्मों के अलावा बॉबी देओल सोशल मीडिया पर ‘लॉर्ड बॉबी’ मीम्स को लेकर भी खूब लोकप्रिय रहे। आश्रम के बाद उनकी फैन फॉलोइंग और बढ़ी। साल 2022 में उन्होंने इंस्टाग्राम पर ‘बेस्ट बॉबी मीम’ से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया, जिसे फैंस ने खूब पसंद किया।

फैन-मेड मीम्स और ह्यूमर को खुले दिल से अपनाने वाली बॉबी देओल की यही सेल्फ-अवेयरनेस उन्हें यंग ऑडियंस के बीच और भी ज्यादा पसंदीदा बनाती है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *