हैदराबाद: सच्चा फैन हो तो शेख हमाद रियामी जैसा। अपने देश में सनी देओल की वॉर फिल्म बॉर्डर 2 बैन होने के बावजूद शेख हमाद भारत पहुंचे और रिलीज़ के दिन ही फिल्म देखी। फिल्म देखने के बाद उन्होंने सनी देओल से मुलाकात भी की। यूएई से आए इस खास फैन का सनी देओल ने दिल खोलकर स्वागत किया, वहीं हमाद ने भी अभिनेता के प्रति अपना प्यार और सम्मान खुलकर जाहिर किया।
शेख हमाद का बॉलीवुड के प्रति जुनून किसी से छिपा नहीं है। अपने देश में फिल्म बैन होने के बावजूद बॉर्डर 2 देखने भारत आना उनके जबरदस्त फैन होने का सबूत है। उन्होंने सनी देओल के साथ अपनी मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें उन्होंने यह भी बताया कि वह सनी के पिता धर्मेंद्र के कितने बड़े प्रशंसक हैं।
बॉर्डर 2 देखने के बाद सनी देओल से की मुलाकात
शेख हमाद बॉर्डर 2 देखने के लिए यूएई से मुंबई पहुंचे और रिलीज़ वाले दिन ही फिल्म देखी। इसके बाद उन्होंने सनी देओल से मुलाकात कर उनका सम्मान किया। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में हमाद कहते नजर आए, “मैं भारत आकर बहुत खुश हूं। इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित था। बॉर्डर 2 मुझे कई क्लासिक फिल्मों की याद दिलाती है।”
उन्होंने धर्मेंद्र की फिल्मों हुकूमत, दादागिरी, लोहा और मेरा कर्म मेरा धर्म का जिक्र करते हुए उनकी जमकर तारीफ की और कहा कि इस साल सनी देओल की सभी फिल्में हिट होंगी।
धर्मेंद्र के जबरा फैन हैं शेख हमाद
शेख हमाद धर्मेंद्र और बॉलीवुड फिल्मों के बड़े फैन हैं। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर धर्मेंद्र के साथ कई तस्वीरें और वीडियो मौजूद हैं। धर्मेंद्र के निधन पर उन्होंने शोक जताते हुए एक भावुक वीडियो भी शेयर किया था। इसके अलावा वह सलमान खान से भी मिल चुके हैं।
शेख हमाद अपने इंस्टाग्राम बायो में खुद को फिल्म डायरेक्टर और फिल्म क्रिटिक बताते हैं और कई फिल्मों के रिव्यू भी कर चुके हैं। हाल ही में उन्होंने वीर दास, आमिर खान और इमरान हाशमी की फिल्मों पर भी अपनी राय दी थी। इंस्टाग्राम पर उनके 2 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जिनमें सुनील शेट्टी जैसे सितारे भी शामिल हैं।
