ब्रेस्ट कैंसर से बचाव के लिए क्या खाएं और किन चीजों से करें परहेज? यहां जानें पूरी जानकारी

ब्रेस्ट कैंसर से बचाव के लिए क्या खाएं और किन चीजों से करें परहेज? यहां जानें पूरी जानकारी

ब्रेस्ट कैंसर आज की सबसे गंभीर और तेजी से बढ़ती बीमारियों में से एक बन चुका है, जिसने पूरी दुनिया को चिंता में डाल दिया है. कई मामलों में इस बीमारी की पहचान तब होती है, जब यह एडवांस स्टेज में पहुंच चुकी होती है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि सही लाइफस्टाइल और संतुलित डाइट अपनाकर महिलाओं में स्तन कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है. आइए जानते हैं कि ब्रेस्ट कैंसर से बचाव के लिए किन चीजों को डाइट में शामिल करना चाहिए और किनसे दूरी बनानी चाहिए.

फाइबर युक्त आहार को दें प्राथमिकता

शोधों के अनुसार, फाइबर से भरपूर डाइट ब्रेस्ट कैंसर के जोखिम को कम करने में मदद करती है. साबुत अनाज, हरी पत्तेदार सब्जियां, गाजर, सेब और नाशपाती जैसे फलों में भरपूर मात्रा में फाइबर पाया जाता है. कम उम्र से ही इन खाद्य पदार्थों को डाइट में शामिल करने से सेहत की मजबूत नींव बनती है. फाइबर न सिर्फ पाचन को बेहतर बनाता है बल्कि हार्मोनल संतुलन बनाए रखने में भी सहायक होता है, जिससे कैंसर का खतरा कम हो सकता है.

ज्यादा फैट वाले खाद्य पदार्थों से बचें

अत्यधिक फैट युक्त भोजन कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है, जिनमें हृदय रोग भी शामिल है. कुछ अध्ययनों में यह भी सामने आया है कि ज्यादा फैट वाला खाना एग्रेसिव ब्रेस्ट कैंसर के खतरे को बढ़ा सकता है. ऐसे में फुल-फैट डेयरी प्रोडक्ट्स, रेड मीट और सैचुरेटेड फैट से भरपूर चीजों का सेवन सीमित करना बेहतर होता है.

ऑर्गेनिक फूड्स को बनाएं डाइट का हिस्सा

ऑर्गेनिक खाद्य पदार्थों में हानिकारक पेस्टिसाइड और केमिकल्स नहीं होते, जो कैंसर के खतरे को बढ़ा सकते हैं. यही वजह है कि ऑर्गेनिक फूड्स महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर से बचाने में अहम भूमिका निभाते हैं. इन्हें अपनी रोज़मर्रा की डाइट में शामिल करके न सिर्फ कैंसर बल्कि कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से भी बचाव किया जा सकता है.

क्रूसिफेरस सब्जियां हैं बेहद फायदेमंद

फूलगोभी, पत्तागोभी और ब्रोकोली जैसी क्रूसिफेरस सब्जियां स्तन कैंसर के खतरे को कम करने में मददगार मानी जाती हैं. इन सब्जियों का नियमित सेवन शरीर को कई तरह के कैंसर से बचाने में सहायक होता है. इसलिए, बेहतर स्वास्थ्य के लिए इन्हें अपने भोजन का हिस्सा जरूर बनाएं.

डाइट में शामिल करें बाजरा

कुछ रिसर्च में यह भी पाया गया है कि बाजरा खाने से ब्रेस्ट कैंसर का खतरा कम हो सकता है. बाजरा एक साबुत अनाज है, जो फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और फाइटोकेमिकल्स से भरपूर होता है. ये तत्व शरीर में मौजूद फ्री रेडिकल्स को निष्क्रिय करने और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करने में मदद करते हैं, जो कैंसर के विकास में अहम भूमिका निभाता है.

इसके अलावा, बाजरा हार्मोन और इंसुलिन के स्तर को संतुलित रखने में भी मदद करता है और पाचन को बेहतर बनाता है. हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, संतुलित डाइट के साथ-साथ नियमित एक्सरसाइज और समय-समय पर हेल्थ चेकअप भी ब्रेस्ट कैंसर से बचाव के लिए बेहद जरूरी है.

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *