रांची में घरेलू गैस की कमी की खबरों के बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने गैस कंपनियों और एजेंसियों के साथ बैठक कर लोगों से अपील की है कि वे घबराकर बार-बार गैस सिलेंडर की बुकिंग न करें।
रांची में एलपीजी आपूर्ति को लेकर प्रशासन ने स्थिति की स्पष्ट
रांची में घरेलू गैस की आपूर्ति को लेकर लोगों के बीच फैल रही चिंताओं के बीच जिला प्रशासन और गैस कंपनियों ने स्थिति स्पष्ट की है। प्रशासन ने कहा है कि जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
बुधवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के प्रतिनिधियों तथा गैस एजेंसियों के साथ बैठक कर आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की।
पैनिक होकर बुकिंग करने की जरूरत नहीं
बैठक के दौरान गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि उपभोक्ताओं की ओर से अचानक बड़ी संख्या में बुकिंग रिक्वेस्ट आने के कारण कंपनी के सॉफ्टवेयर पर असर पड़ा है। इसी कारण बुकिंग प्रक्रिया में देरी हो रही है।
कंपनियों ने बताया कि सॉफ्टवेयर अपग्रेड का कार्य जारी है और कुछ ही दिनों में बुकिंग प्रक्रिया पूरी तरह सामान्य हो जाएगी। कंपनियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे पैनिक होकर बार-बार बुकिंग न करें और एजेंसियों के कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ लगाने से बचें।
छोटे सिलेंडर भी बाजार में उपलब्ध
बैठक में जानकारी दी गई कि केंद्र सरकार के दिशा-निर्देश के अनुसार एक बार गैस सिलेंडर की बुकिंग के बाद दूसरी बुकिंग 25 दिनों के बाद ही की जा सकती है।
हालांकि आपात स्थिति में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 2 लीटर और 5 लीटर के छोटे सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि बीपीसीएल और एचपीसीएल के 5 लीटर वाले सिलेंडर बाजार में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। आवश्यकता पड़ने पर उपभोक्ता आधार कार्ड दिखाकर इन्हें प्राप्त कर सकते हैं।
गैस बुकिंग के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने की सलाह
गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि गैस बुकिंग के लिए आईवीआर (Interactive Voice Response), मिस्ड कॉल सुविधा, मोबाइल ऐप या वेब आधारित प्लेटफॉर्म का उपयोग करें।
इससे गैस एजेंसियों में अनावश्यक भीड़ नहीं लगेगी और बुकिंग प्रक्रिया भी सुचारू रूप से चल सकेगी।
आवश्यक संस्थानों में गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बढ़ती मांग को देखते हुए सभी कंपनियों और एजेंसियों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि घरेलू गैस आवश्यक वस्तु अधिनियम के दायरे में आती है, इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि प्रत्येक उपभोक्ता तक गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से पहुंचे। किसी भी स्तर पर कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत दर्ज कराने की भी सुविधा
प्रशासन ने जरूरी संस्थानों में गैस आपूर्ति बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। उपायुक्त ने अस्पतालों, आंगनबाड़ी केंद्रों, वृद्धाश्रमों, अनाथालयों, कल्याण विभाग के छात्रावासों, मिड-डे मील योजना, संप्रेषण गृह, जेल और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा है।
इसके लिए जिला स्तर पर एक मॉनिटरिंग कमेटी गठित करने का निर्देश दिया गया है। इस कमेटी में सदर और बुंडू अनुमंडल पदाधिकारी, मार्केटिंग अधिकारी, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के प्रतिनिधि, गैस एजेंसियों के नोडल अधिकारी और अस्पतालों के नोडल अधिकारी शामिल होंगे।
गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए जिला प्रशासन के व्हाट्सएप नंबर ‘अबुआ साथी’ (9430328080) पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की
बैठक के अंत में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए सभी को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि टीम इंडिया, टीम झारखंड और टीम रांची की भावना के साथ कार्य करते हुए लोगों तक आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने रांची के लोगों से अपील की कि वे प्रशासन और गैस कंपनियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि शहर में रसोई गैस की आपूर्ति सुचारू बनी रहे।
