हर घर तिरंगा से गूंजेगा छत्तीसगढ़, 10 अगस्त से रायपुर से आगाज

रायपुर में हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा की घोषणा करते उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा

रायपुर: छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 10 अगस्त से प्रदेशव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान का आयोजन किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री द्वय अरुण साव और गृह मंत्री विजय शर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 10 अगस्त को रायपुर के मरीन ड्राइव से इस यात्रा का ऐतिहासिक आगाज होगा।

10 अगस्त को रायपुर के मरीन ड्राइव से तिरंगा यात्रा का आगाज

छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशभक्ति का माहौल निर्मित करने और राष्ट्र निर्माताओं के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेशव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और ‘तिरंगा यात्रा’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और गृह मंत्री विजय शर्मा ने इस ऐतिहासिक अभियान की रूपरेखा साझा की।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि अभियान की शुरुआत 10 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव से होगी। इस यात्रा में मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स, खिलाड़ी और आम नागरिक पारंपरिक वेशभूषा व वाद्ययंत्रों के साथ शामिल होंगे।

प्रदेश की 450 से अधिक मंडलों और निकायों में निकलेंगी यात्राएं

अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश की सभी 450 से अधिक मंडल इकाइयों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और विकासखंडों में व्यापक स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी।

साव ने बताया कि बस्तर के 500 से अधिक स्थानों का नामकरण शहीदों के नाम पर किया जाएगा। इसके साथ ही नागरिकों से ‘डिजिटल तिरंगा’ अभियान के तहत सोशल मीडिया पर अपनी फोटो व वीडियो अपलोड करने का भी विशेष आग्रह किया गया है।

बस्तर के दूरस्थ और दुर्गम गांवों में पहली बार फहराएगा राष्ट्रध्वज

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि बस्तर के उन दुर्गम नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी इस वर्ष 15 अगस्त को पहली बार राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा, जहां आजादी के बाद से अब तक कभी तिरंगा नहीं लहरा सका था।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *