मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के पांचवें दिन आज सारण जिले का दौरा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे छपरा पहुंचेंगे और जिले को कुल 536.80 करोड़ रुपये की सौगात देंगे। इस दौरान वे 86.50 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और 450.30 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे क्षेत्र में 2 हजार से अधिक पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।
दौरे की शुरुआत में मुख्यमंत्री जीविका दीदियों से संवाद करेंगे और उनके द्वारा संचालित सिलाई केंद्र का उद्घाटन करेंगे। इस केंद्र की खास बात यह है कि यहां बनाए गए कपड़े जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भेजे जाएंगे। प्रशासन का मानना है कि इससे जीविका दीदियों को स्थायी रोजगार मिलेगा और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी। साथ ही मुख्यमंत्री जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए सरकारी योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री आईटीआई (ITI) बॉयज केंद्र का उद्घाटन करेंगे, जो आधुनिक उपकरणों से लैस है। इस केंद्र में इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और सिविल ट्रेड्स के लिए नवीनतम उपकरण लगाए गए हैं, ताकि छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण मिल सके। इससे स्थानीय युवाओं को तकनीकी शिक्षा के लिए जिले से बाहर नहीं जाना पड़ेगा और उनके लिए स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
यात्रा के अगले चरण में मुख्यमंत्री बिनतोलिया स्थित निर्माणाधीन बस स्टैंड पहुंचेंगे, जहां वे जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री सीधे आम लोगों से जुड़ेंगे और उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनेंगे।
