दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में रविवार को घरेलू विवाद के बाद 48 वर्षीय एक व्यक्ति ने तवे से वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी दिनेश पटेल ने बाबा हरिदास नगर थाने में आत्मसमर्पण कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। मृतका की पहचान सरिता पटेल (43) के रूप में हुई है।
मामूली बात पर हुए विवाद के बाद वारदात
नयी दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के गोपाल नगर में रहने वाले 48 वर्षीय एक व्यक्ति ने मामूली बात पर हुए घरेलू विवाद के बाद तवे से कई बार वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। भारत मंथन लाइव न्यूज़ के अनुसार, आरोपी पिछले दो महीने से बेरोजगार था और तनाव में चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के गोपाल नगर निवासी आरोपी दिनेश पटेल ने रविवार सुबह बाबा हरिदास नगर थाने में जाकर खुद आत्मसमर्पण कर दिया। उसने पुलिस को सूचित किया कि उसने अपनी पत्नी सरिता पटेल (43) की हत्या कर दी है। आरोपी के आत्मसमर्पण के तुरंत बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई।
घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में जुटी फॉरेंसिक टीम
एक पुलिस अधिकारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम तत्काल उस मकान में पहुंची, जहां सरिता मृत पाई गई। टीम ने तुरंत घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया। इसके बाद फॉरेंसिक और अपराध शाखा की टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी दिनेश ने पुलिस को बताया कि वह पिछले दो से तीन साल से दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में मानसिक बीमारी का इलाज करा रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के इस दावे और उसके मेडिकल रिकॉर्ड की सत्यता की पुष्टि की जा रही है।
आर्थिक तंगी और बेरोजगारी के कारण तनाव में था आरोपी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी दिनेश पहले एक आईटी कंपनी में काम करता था, लेकिन नौकरी छूटने के बाद वह पिछले दो महीनों से बेरोजगार था। आर्थिक तंगी के कारण वह अत्यधिक तनाव में था और अक्सर घरेलू मुद्दों को लेकर अपनी पत्नी से झगड़ता रहता था।
दंपती के दो बच्चे हैं, जो घटना के समय घर पर ही मौजूद थे। मामले की गहन जांच के तहत पुलिस द्वारा बच्चों के भी बयान दर्ज किए जाएंगे। आरोपी के अनुसार, शनिवार रात मामूली बात को लेकर उसकी पत्नी से बहस हुई थी, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने रसोई में रखा तवा उठाकर उस पर कई बार वार कर दिए। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
