धनबाद: धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित स्टील गेट सब्जी मंडी में देर रात भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग की चपेट में आकर 12 से अधिक दुकानें जलकर राख हो गईं।
सूचना मिलते ही झरिया के पूर्व विधायक व मेयर प्रत्याशी संजीव सिंह मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की मॉनिटरिंग की। वहीं सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे रहे।
चार दमकल वाहनों ने पाया काबू
आग अचानक भड़की और देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। राशन, सब्जी, पूजा सामग्री और अन्य सामान से भरी दुकानों को भारी नुकसान हुआ।
सूचना के बाद एक-एक कर चार दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
बार-बार आग से परेशान दुकानदार
दुकानदारों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी 4 से 5 बार आग लग चुकी है और हर बार 15 से 20 दुकानें जल चुकी हैं।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि मंडी के आसपास अवैध शराब की बिक्री के कारण रात में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, जिससे आगजनी की आशंका बढ़ती है। उन्होंने प्रशासन से स्थायी सुरक्षा व्यवस्था और आर्थिक सहायता की मांग की है।
कई परिवारों की रोजी-रोटी पर असर
- मालती देवी ने बताया कि पति के निधन के बाद वह खुद दुकान चलाकर बच्चों का पालन-पोषण करती हैं। आग के समय वह दुकान में ही सो रही थीं।
- ममता मोदी ने कहा कि उनके पिता की राशन दुकान पूरी तरह जल गई।
- विश्वनाथ मंडल और हीरा साव की दुकान व गोदाम भी खाक हो गए, एक बाइक भी जलकर नष्ट हो गई।
फायर ब्रिगेड के प्रधान अग्नि चालक मंजूर आलम ने बताया कि आग काफी भयावह थी, लेकिन समय रहते काबू पा लिया गया।
