गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र में हुए अमित मोदी हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतक की पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
27 जनवरी 2026 की रात मांगन पीपरा गांव निवासी 32 वर्षीय अमित मोदी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकेश कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी।
ऐसे हुआ खुलासा
तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया:
- मो. शाईन आलम (25 वर्ष)
- विजेंद्र पासवान उर्फ बिंदु (35 वर्ष)
- सोनी देवी (30 वर्ष) – मृतक की पत्नी
पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गंडासा सहित अन्य हथियार बरामद किए गए।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी सोनी देवी और उसके छोटे भाई रोहित मोदी के बीच पिछले 5-6 वर्षों से प्रेम संबंध था।
आरोप है कि रोहित अपने बड़े भाई की हत्या के बाद भाभी से शादी करना चाहता था। इसी साजिश के तहत उसने मो. शाईन आलम को एक लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी।
मो. शाईन ने विजेंद्र पासवान को 25 हजार रुपये देकर अपने साथ शामिल किया। घटना से एक सप्ताह पहले गंडासा खरीदा गया।
शराब के बहाने बुलाकर की हत्या
27 जनवरी की रात अमित मोदी को शराब पिलाने के बहाने बुलाया गया और उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए मृतक का मोबाइल उसकी पत्नी ने अपने पास रख लिया और बाद में नदी में फेंक दिया।
फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
