IND vs NZ 4th T20:
आखिरकार न्यूजीलैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में अपनी पहली जीत दर्ज कर ली। विशाखापट्टनम में खेले गए चौथे मुकाबले में ब्लैक कैप्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 215 रन बनाए और इसके जवाब में भारतीय टीम को 18.4 ओवर में 165 रन पर समेटते हुए 50 रन से जीत हासिल की।
इस मैच में भारतीय बल्लेबाज पिछले तीन मुकाबलों जैसी लय में नजर नहीं आए। ओपनर अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। कप्तान सूर्यकुमार यादव सिर्फ 8 रन बना सके, जबकि हार्दिक पांड्या महज 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
लगातार तीन मैचों में असफल रहे संजू सैमसन इस मुकाबले में भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 24 रन ही बना पाए। रिंकू सिंह ने 39 रनों की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत के करीब ले जाने का काम शिवम दुबे ने किया। दुबे ने मात्र 23 गेंदों में 65 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 7 छक्के शामिल थे। हालांकि, उनके दुर्भाग्यपूर्ण रनआउट होते ही भारत की जीत की उम्मीद भी खत्म हो गई।
न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान मिशेल सेंटनर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं ईश सोढ़ी और जैकब डफी को दो-दो सफलता मिली।
इससे पहले टॉस जीतकर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने इस फैसले का पूरा फायदा उठाया और 20 ओवर में 215 रन ठोक दिए, जो भारत के खिलाफ उनका दूसरा सबसे बड़ा टी20 स्कोर है।
कीवी टीम को दोनों ओपनरों ने शानदार शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की। टिम सेफर्ट ने 36 गेंदों में 62 रन बनाए, जबकि डेवोन कॉन्वे ने 23 गेंदों पर 44 रन जोड़े।
इसके बाद मध्यक्रम ज्यादा प्रभावी नहीं रहा, लेकिन अंत में डेरिल मिशेल ने 18 गेंदों में 39 रन बनाकर स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। ग्लेन फिलिप्स ने भी 16 गेंदों में 24 रन की उपयोगी पारी खेली। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे, दोनों ने चार ओवर में 2-2 विकेट लिए।
दोनों टीमों में एक-एक बदलाव
भारतीय टीम ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव करते हुए अर्शदीप सिंह को वापस शामिल किया, जबकि ईशान किशन को आराम दिया गया। वहीं न्यूजीलैंड ने काइल जैमिसन की जगह जैकरी फाउल्क्स को टीम में मौका दिया।
टॉस के बाद क्या बोले कप्तान
सूर्यकुमार यादव ने कहा कि विकेट अच्छी लग रही है और ओस को देखते हुए पहले गेंदबाजी करना सही फैसला लगा। उन्होंने कहा कि टीम पिछले एक साल में बनी अच्छी आदतों को दोहराना चाहती है। साथ ही उन्होंने बताया कि चोट के कारण ईशान किशन की जगह अर्शदीप को टीम में शामिल किया गया है।
वहीं न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सेंटनर ने कहा कि विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छी है, लेकिन ओस के कारण दूसरी पारी में गेंदबाजी चुनौतीपूर्ण हो सकती है। उन्होंने माना कि भारत की टीम बेहद मजबूत है, इसलिए गेंद और बल्ले दोनों से बेहतर प्रदर्शन जरूरी है।
IND vs NZ 4th T20: दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत:
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह
न्यूजीलैंड:
टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), डेवोन कॉन्वे, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, मिशेल सेंटनर (कप्तान), जैकरी फाउल्क्स, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, जैकब डफी
