IND vs NZ: घरेलू मैदान पर सीरीज हारने की वजह क्या रही? कप्तान शुभमन गिल ने दिया जवाब

IND vs NZ: घरेलू मैदान पर सीरीज हारने की वजह क्या रही? कप्तान शुभमन गिल ने दिया जवाब

झारखंड: न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज 1-2 से गंवाने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने हार की वजहों को स्वीकार किया है। गिल का मानना है कि पूरी सीरीज में भारतीय टीम हर विभाग में न्यूजीलैंड से पीछे रही। उन्होंने खास तौर पर बल्लेबाजों की अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में न बदल पाना और कमजोर फील्डिंग को हार की दो सबसे बड़ी वजहें बताया।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिल ने कहा कि भारतीय बल्लेबाज, खासकर शीर्ष क्रम, अच्छी शुरुआत मिलने के बावजूद उसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके। भारत की पिचों पर बड़े स्कोर बनते हैं और अगर टॉप ऑर्डर अपनी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए, तो टीम प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा नहीं कर सकती।

फील्डिंग पर बात करते हुए गिल ने साफ कहा कि इस सीरीज में भारतीय टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। अहम मौकों पर कैच छोड़े गए, जिससे गेंदबाजों पर अतिरिक्त दबाव पड़ा। उन्होंने माना कि ऐसी विकेट पर गेंदबाजों के लिए मौके बनाना मुश्किल होता है और फील्डिंग में सुधार की सख्त जरूरत है।

गिल ने दोनों टीमों के बीच अंतर बताते हुए कहा कि न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने अपनी शुरुआत को बड़ी पारियों में बदला और उनकी फील्डिंग भी काफी बेहतर रही। उनके मुताबिक कीवी टीम ने फील्डिंग के दम पर कम से कम 15-20 रन बचाए, जिसका मैच पर बड़ा असर पड़ा। भारत की ओर से सीरीज में सिर्फ केएल राहुल और विराट कोहली ही बड़ी पारी खेल पाए, जबकि न्यूजीलैंड के लिए डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टॉम लैथम, डेवोन कॉनवे और विल यंग ने अहम योगदान दिया।

इंदौर में खेले गए तीसरे वनडे में न्यूजीलैंड ने 41 रनों से जीत दर्ज कर भारत में अपनी पहली वनडे सीरीज अपने नाम की। यह घरेलू मैदान पर टॉस जीतने के बाद भारत की 14 मैचों में पहली हार रही। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 337 रन बनाए, जिसके जवाब में भारतीय टीम 296 रन पर सिमट गई।

गौरतलब है कि इससे पहले 2024 में न्यूजीलैंड ने भारत को उसकी धरती पर टेस्ट सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर इतिहास रचा था। तब भी भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर थे और अब 2026 में कीवी टीम ने वनडे सीरीज जीतकर एक और उपलब्धि हासिल की है।

वनडे सीरीज के बाद अब भारत और न्यूजीलैंड के बीच 21 जनवरी से पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। दोनों टीमों के लिए यह सीरीज बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि यह 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले आखिरी बड़ा असाइनमेंट होगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *