रन मशीन विराट कोहली ने पोंटिंग और सहवाग को पीछे छोड़ा, एक ही मैच में रचे तीन विश्व रिकॉर्ड

रन मशीन विराट कोहली ने पोंटिंग और सहवाग को पीछे छोड़ा, एक ही मैच में रचे तीन विश्व रिकॉर्ड

Virat Kohli New Records:
विराट कोहली ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लगातार दो वनडे मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद जबरदस्त वापसी की और इसके बाद से वह लगातार रन बटोर रहे हैं। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ समाप्त हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज में भी कोहली शानदार लय में नजर आए, हालांकि भारतीय टीम यह सीरीज 1-2 से हार गई। इस सीरीज में कोहली ने क्रमशः 93, 23 और 124 रनों की अहम पारियां खेलीं।

पोंटिंग और सहवाग को छोड़ा पीछे

इंदौर में खेले गए सीरीज के आखिरी वनडे मुकाबले में विराट कोहली ने शानदार शतक जड़ा। यह उनके वनडे करियर का 54वां और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का 85वां शतक था। कोहली ने 108 गेंदों में 124 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इस पारी के साथ ही वह न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में वीरेंद्र सहवाग और रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम न्यूजीलैंड के खिलाफ 6-6 वनडे शतक दर्ज थे।

न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक

विराट कोहली (भारत) – 36 मैच, 1897 रन, 7 शतक
रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) – 51 मैच, 1971 रन, 6 शतक
वीरेंद्र सहवाग (भारत) – 23 मैच, 1157 रन, 6 शतक
सनथ जयसूर्या (श्रीलंका) – 47 मैच, 1519 रन, 5 शतक
सचिन तेंदुलकर (भारत) – 42 मैच, 1750 रन, 5 शतक

नंबर तीन पर सबसे ज्यादा वनडे रन

इसके अलावा विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। उन्होंने 247 वनडे मैचों में इस पोजिशन पर बल्लेबाजी करते हुए 12,676 रन पूरे कर लिए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड रिकी पोंटिंग के नाम था, जिन्होंने 335 मैचों में 12,662 रन बनाए थे। कोहली और पोंटिंग ही ऐसे दो बल्लेबाज हैं, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में नंबर तीन पर खेलते हुए 10,000 से अधिक रन बनाए हैं।

तीसरा बड़ा रिकॉर्ड

इसी मैच में कोहली ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह दुनिया के अलग-अलग मैदानों पर सबसे ज्यादा 35 वनडे शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।

सीरीज में कोहली का प्रदर्शन

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में विराट कोहली का प्रदर्शन लगातार शानदार रहा। वडोदरा में खेले गए पहले मुकाबले में उन्होंने 91 गेंदों पर 93 रन बनाकर भारत को चार विकेट से जीत दिलाई और प्लेयर ऑफ द मैच बने। दूसरे वनडे में उन्होंने 23 रन बनाए। वहीं, इंदौर में खेले गए तीसरे मुकाबले में कोहली ने 124 रनों की बेहतरीन पारी खेली, हालांकि इस मैच में भारतीय टीम को जीत नहीं मिल सकी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *