रायपुर: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर बोले सीएम विष्णुदेव साय, बस्तर में शांति का नया सूर्योदय

रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण करते मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद से मुक्त होकर छत्तीसगढ़ अब शांति, विकास और समृद्धि की नई यात्रा पर अग्रसर है तथा बस्तर में नवनिर्माण का स्वर्णिम समय शुरू हुआ है।

80वें स्वतंत्रता दिवस पर सीएम विष्णुदेव साय ने किया ध्वजारोहण

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि यह दिन माँ भारती की वंदना और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का पावन अवसर है।

स्वतंत्रता सेनानियों और जननायकों को किया नमन

मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, डॉ. भीमराव अंबेडकर और वीर सावरकर सहित स्वतंत्रता संग्राम के असंख्य सेनानियों के बलिदान को याद किया। इसके साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ की माटी के जननायकों—धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, गेंद सिंह, धुरवा राव, यादव राव, वेंकट राव, डेबरी धुर और आयतु माहरा को भी नमन किया।

उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास जी, संत कबीर और बाबा गुरु घासीदास जी के उद्घोषों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये विचार हमें समानता और मानवीय गरिमा की प्रेरणा देते हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उनके राष्ट्रीय एकता के संकल्प का स्मरण भी किया।

माओवाद से मुक्त बस्तर में शांति और विकास का नया सूर्याेदय

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प से नक्सलवाद के विरुद्ध ऐतिहासिक सफलता मिली है। माओवाद से मुक्त बस्तर में आज तिरंगा यात्राओं के माध्यम से स्वतंत्रता का उत्सव मनाया जा रहा है। हिंसा और भय से प्रभावित रहे क्षेत्रों में आज शांति, विश्वास और विकास की नई सुबह हुई है।

उन्होंने कहा कि बस्तर की सर्वांगीण प्रगति डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जगदलपुर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक बदलते बस्तर की नई पहचान का प्रतीक है।

जन कल्याणकारी योजनाओं से संवर रहा बस्तर

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के जरिए 31 योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं का शत-प्रतिशत सेचुरेशन सुनिश्चित करके बस्तर संभाग के 39 लाख से अधिक लोगों तक लाभ पहुँचाया जा रहा है। बंद पड़े स्कूलों को पुनः शुरू करने के साथ 36 नए स्कूल स्वीकृत किए गए हैं तथा ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है।

इसके अलावा ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। 10 लाख परिवारों की आय बढ़ाने हेतु 4,824 करोड़ रुपए की ‘आजीविका उन्नयन योजना’ तैयार की गई है। सुरक्षा कैंप अब सेवा केंद्रों के रूप में काम कर रहे हैं और वीर गुंडाधुर के गांव नेतानार से शुरू ‘सेवा डेरा’ से कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *