रायपुर प्रेस क्लब में T.N.R.A.T. की प्रेस वार्ता
रायपुर प्रेस क्लब में T.N.R.A.T. की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के एडवोकेट आमिर खान ने संत रामपाल जी महाराज को खुली बहस का निमंत्रण दिया।
आमिर खान ने आरोप लगाया कि संत रामपाल जी महाराज की ओर से इस्लाम धर्म और कुरान को लेकर बार-बार ऐसे वक्तव्य दिए जा रहे हैं, जिनमें कुरान की आयतों को कथित तौर पर तोड़-मरोड़कर गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है।
बहस और संवाद के जरिए विवाद दूर करने की बात
आमिर खान ने कहा कि धार्मिक विषयों को लेकर किसी भी तरह की गलतफहमी या विवाद को बहस और संवाद के जरिए दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने संत रामपाल जी महाराज से सार्वजनिक रूप से बहस के लिए स्थान और समय तय करने को कहा।
उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष आमने-सामने बैठकर खुले मंच पर चर्चा कर सकते हैं। उनके अनुसार, यह बहस शांतिपूर्ण और अच्छे माहौल में होनी चाहिए, ताकि धार्मिक विषयों से जुड़े तथ्यों पर खुलकर चर्चा की जा सके।
धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना उद्देश्य नहीं: आमिर खान
प्रेस वार्ता के दौरान आमिर खान ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी धर्म या धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाना नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य इस्लाम और कुरान से जुड़े कथित गलत बयानों पर तथ्यात्मक चर्चा करना है।
उन्होंने संत रामपाल जी महाराज से बहस के लिए समय और स्थान बताने की अपील की। इसके बाद खुले मंच पर इस मुद्दे पर चर्चा किए जाने की बात कही गई।
