रायपुर में दो साल पुरानी महिला हत्या का खुलासा
राजधानी रायपुर में दो साल पहले हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है, जहां लता साहू नाम की महिला घर में अकेली रहती थी।
लता साहू शराब बेचने के साथ मनिहारी का काम करती थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शराब पीने के लिए अक्सर उसके घर जाते थे।
पैसे के लेन-देन को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद होने के बाद तीनों आरोपियों ने महिला का गला दबाकर हत्या कर दी थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मृतिका के नाखूनों से डीएनए साक्ष्य मिले। वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया।
तीन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनहरण सारंग, राजेश पाल और राजू मंडल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, राजू मंडल पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।
